लड़का और लड़की
लड़का और लड़की
फिरोजपुर के हलका गुरुहरसहाय के गांव टीटू खेड़ा से शादी से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी के मंडप में पहुंची दुल्हन ने दूल्हे का चेहरा देखने के बाद शादी करने से साफ इनकार कर दिया.
जानकारी के मुताबिक राजस्थान के छतरगढ़ से बारात गुरुहरसहाय पहुंची थी. शादी की रस्में और फेरे शुरू होने से पहले जब दुल्हन ने दूल्हे को देखा तो उसने शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद बारात को बिना शादी किए ही वापस लौटना पड़ा.
दुल्हन ने आरोप लगाया कि शादी के लिए उसे किसी दूसरे लड़के की तस्वीर दिखाई गई थी, जबकि शादी वाले दिन मंडप में किसी अन्य व्यक्ति को दूल्हे के रूप में पेश किया गया.
वहीं राजस्थान से आए दूल्हे और उसके परिवार का कहना है कि यह रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ था और शादी से पहले मोबाइल फोन पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी होती रही थी.
दूल्हे के नाना महेंद्र सिंह का कहना है कि दूल्हे की तस्वीरें बिचौलियों और लड़की की मां की ओर से ही दी गई थीं.
डीएसपी गुरु हर सहाय तेजिन्द्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को 2 दिन पहले लड़के वालों की शिकायत मिली थी. जांच शुरू की तो दोनों अपना-अपना बयान रख रहे थे और बाद में दोनों पक्षों की तरफ से मामले को आपस में निपटा लिया गया है.