रोबोटिक सर्जरी करते हुए
रोबोटिक सर्जरी करते हुए
इंदौर ने एक बार फिर चिकित्सा क्षेत्र में नई पहचान बनाई है. प्रसिद्ध बैरिएट्रिक एवं रोबोटिक सर्जन डॉ. मोहित भंडारी ने स्वतंत्रता दिवस पर ‘सर्जिकल स्वराज’ पहल के तहत एक ही दिन में 50 से अधिक रोबोटिक बैरिएट्रिक सर्जरी सफलतापूर्वक कर नया इतिहास रच दिया. इस उपलब्धि को भारतीय हेल्थकेयर और रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है.
इंदौर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डॉ. मोहित भंडारी और उनकी टीम ने ‘सर्जिकल स्वराज’ पहल के तहत 50 से अधिक मरीजों की रोबोटिक बैरिएट्रिक यानी वजन घटाने की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कीं. जिससे चिकित्सा जगत में नया कीर्तिमान स्थापित हुआ. इस अभियान में छह अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम के साथ एनेस्थिसियोलॉजिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन और अन्य विशेषज्ञों की समन्वित टीम ने भाग लिया.
जिन मरीजों की सर्जरी हुई उनमें 30 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल थीं. जिनकी औसत आयु 43.6 वर्ष तथा औसत वजन 122 किलोग्राम था. डॉ. भंडारी ने कहा कि ‘सर्जिकल स्वराज’ का उद्देश्य केवल बड़ी संख्या में सर्जरी करना नहीं, बल्कि यह साबित करना है कि तकनीक, सटीक योजना, टीमवर्क और क्लिनिकल उत्कृष्टता के दम पर भारतीय हेल्थकेयर विश्वस्तरीय उपलब्धियां हासिल कर सकता है.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित यह पहल मेडिकल टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर भारत की भावना को भी मजबूत करती है. वह अब तक 40 हजार से अधिक बैरिएट्रिक सर्जरी कर चुके हैं और उनका संस्थान ‘मोहक बैरिएट्रिक्स एंड रोबोटिक्स’ एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे अधिक बैरिएट्रिक सर्जरी करने वाले केंद्र के रूप में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह उपलब्धि भारत की रोबोटिक सर्जरी, मोटापा उपचार और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ती वैश्विक क्षमता का प्रमाण है तथा देश के सर्जिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और चिकित्सकों की दक्षता को नई पहचान दिलाने वाली पहल साबित होगी.