Bride Refuses to Leave With Groom
Bride Refuses to Leave With Groom
ग्वालियर में एक शादी उस समय विवाद में बदल गई जब विदाई के वक्त दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया. दुल्हन को पता चला कि उसका होने वाला पति पिछले डेढ़ साल से एक दूसरी शादीशुदा महिला के साथ रिलेशनशिप में है. इस बात की जानकारी खुद उस महिला ने दुल्हन को फोन कर दी. इसके बाद शादी समारोह में हंगामा मच गया और मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया.
यह घटना कंपू थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनकी काउंसलिंग की. फिलहाल दोनों परिवार आपसी सहमति से बातचीत कर मामले को सुलझाने पर राजी हो गए हैं.
9 मार्च को हुई थी शादी, विदाई से पहले हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक ग्वालियर के नाका चंद्रबनी निवासी युवती की शादी गुडी गुड़ा का नाका निवासी गिर्राज कुशवाह से 9 मार्च को तय हुई थी. कंपू थाना क्षेत्र के बालाजी गार्डन में शादी समारोह भी संपन्न हो गया था.
मंगलवार सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान दुल्हन ने अचानक हंगामा करते हुए दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया. इससे दोनों परिवारों में हलचल मच गई.
दूल्हे की प्रेमिका ने भेजे मैसेज और फोटो
जब परिवार वालों ने दुल्हन से शादी से इनकार करने की वजह पूछी तो उसने बताया कि लगन और फलदान से एक दिन पहले उसे एक महिला का फोन आया था. फोन करने वाली महिला ने खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताया और कहा कि पिछले डेढ़ साल से उसका गिर्राज कुशवाह के साथ प्रेम संबंध चल रहा है. उसने यह भी दावा किया कि शादी के बाद दूल्हा दुल्हन को छोड़ देगा.
दुल्हन के मुताबिक शादी के दौरान भी दूल्हा उस महिला से बातचीत करता रहा. महिला ने दुल्हन को मैसेज और फोटो भी भेजे, जिससे उसे दूल्हे पर शक होने लगा और उसका भरोसा टूट गया.
प्रेमिका पहले से शादीशुदा, पति से अलग रह रही
बताया जा रहा है कि दूल्हे की प्रेमिका पहले से शादीशुदा है और अपने पति से अलग रह रही है. इस बात को लेकर दुल्हन ने दूल्हे से बातचीत की, लेकिन दूल्हा लगातार यही कहता रहा कि उसका उस महिला से कोई संबंध नहीं है. जब मामला थाने पहुंचा तो दूल्हे ने पुलिस के सामने पूरी बात स्वीकार कर ली और अपने संबंधों की सच्चाई बता दी.
दुल्हन पक्ष ने मांगा शादी का खर्च वापस
घटना के बाद दुल्हन के परिवार वालों ने दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और शादी में खर्च हुए पैसे वापस करने की बात कही. पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर उनकी काउंसलिंग कराई. काउंसलिंग के बाद दोनों परिवार शादी में हुए लेनदेन को वापस करने पर सहमत हो गए और समझौते के बाद थाने से लौट गए.
शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों पक्ष आपसी सहमति से मामला सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं. अगर दुल्हन इस मामले में औपचारिक शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराती है, तो दूल्हे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-सर्वेश पुरोहित
ये भी पढ़ें