VIP Moment
VIP Moment
राजधानी दिल्ली के एम्स अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में VIP मूवमेंट के दौरान एंबुलेंस को रोके जाने का दावा किया जा रहा है. इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि वीडियो कब का है और किस VIP के लिए एंबुलेंस को रोका गया था.
गेट नंबर 1 पर दिखा गाड़ियों का काफिला
वायरल वीडियो में दिल्ली एम्स के गेट नंबर 1 से VIP मूवमेंट होता हुआ दिखाई दे रहा है. काले रंग की कई गाड़ियों का काफिला अस्पताल के अंदर प्रवेश करता नजर आ रहा है. इसी दौरान एम्स के सुरक्षा कर्मियों की ओर से एक एंबुलेंस को रोके जाने की तस्वीर भी वीडियो में दिखाई देती है. वीडियो सामने आने के बाद ही सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा शुरू हुई और लोग अपने-अपने तरीके से प्रतिक्रिया देने लगे. हालांकि, इस वीडियो की तारीख और इसमें दिख रहे VIP की पहचान को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है.
एम्स में भर्ती हैं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा
दरअसल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) दिल्ली एम्स में भर्ती हैं. बताया जा रहा है कि बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें 13 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इसके बाद से डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में इलाज कर रही है. जेपी नड्डा के अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनसे मिलने के लिए VIP मूवमेंट भी एम्स में देखा जा रहा है. इसी दौरान अस्पताल से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पहुंची थीं एम्स
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार शाम एम्स पहुंचकर जेपी नड्डा से मुलाकात की थी. उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का हालचाल जाना.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एम्स के गेट नंबर 2 से अस्पताल में दाखिल हुई थीं. इस दौरान उनके काफिले के गुजरने के लिए दिल्ली की लाइफलाइन कहे जाने वाले रिंग रोड के ट्रैफिक को रोके जाने की तस्वीरें भी सामने आई थीं.
एम्स ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन
जेपी नड्डा के अस्पताल में भर्ती होने को लेकर एम्स की ओर से हेल्थ बुलेटिन भी जारी किया गया है. इसमें बताया गया कि 13 अगस्त की शाम उनकी तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की. फिलहाल जेपी नड्डा को दिल्ली एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज जारी है.
वीडियो को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं
VIP मूवमेंट के दौरान एंबुलेंस रोके जाने वाला वीडियो वायरल होने के बाद सवाल उठ रहे हैं, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो आखिर किस तारीख का है और एंबुलेंस किस VIP के मूवमेंट के दौरान रोकी गई थी. ऐसे में वीडियो को लेकर सामने आ रही बातों को फिलहाल दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें