दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार.
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार.
राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार होने लगा है. ऐसे में 29 नवंबर से फिर से यहां स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान खोल दिए जाएंगे. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने वायु प्रदूषण की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. बैठक के बाद उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने 27 नवंबर से दिल्ली में सभी सीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रवेश की अनुमति देने का फैसला किया है. अन्य सभी वाहनों का प्रवेश बना रहेगा.
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि 29 नवंबर से स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान फिर से खुलेंगे. राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के स्तर से निपटने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 13 नवंबर को 'पॉल्यूशन लॉकडाउन' की घोषणा की थी, जिसके तहत स्कूलों को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया था. हालांकि, कक्षाएं ऑनलाइन माध्यमों से जारी रहीं.
निर्माण गतिविधियों से भी हटाया प्रतिबंध
दिल्ली सरकार ने इससे पहले सोमवार को हवा की गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर से प्रतिबंध हटा लिया था. राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान प्रणाली के अनुसार पिछले 10 दिनों में पहली बार बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता में "बहुत खराब" से "खराब" श्रेणी में काफी सुधार हुआ है. आज ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स(AQI) 280 रहा.
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण का स्तर "बहुत खराब" और "खराब" के बीच रहा. गुरुग्राम और नोएडा ने बुधवार सुबह 283 और 303 का एक्यूआई "खराब" और "बहुत खराब" श्रेणियों में दर्ज किया. 27 नवंबर से स्थानीय सतही हवाओं के बढ़ने की संभावना है जिसके परिणामस्वरूप वायु गुणवत्ता में सुधार होगा. दिल्ली के PM2.5 में पराली जलाने की हिस्सेदारी 3 प्रतिशत है और प्रभावी आग की संख्या 770 है.