
The Grand Expo 2026
The Grand Expo 2026
करवाचौथ का त्योहार है, तो बाजारों में खरीदारी की रौनक भी है. लेकिन इस बार दिल्ली में शॉपिंग के साथ देश की कला, संस्कृति और स्वदेशी हुनर को करीब से जानने का मौका भी मिल रहा है. राजधानी में द ग्रैंड एक्सपो 2026 शुरू हो गया है. यहां देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगर, बुनकर और छोटे उद्यमी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं. इसका मकसद स्थानीय हुनर को बड़ा बाजार दिलाना और 'लोकल टू ग्लोबल' के संकल्प को आगे बढ़ाना है.
कनॉट प्लेस में सजा हस्तशिल्प और हथकरघा का बाजार
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित बाबा खड़क सिंह मार्ग पर देशभर के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है. द ग्रैंड एक्सपो 2026 का आयोजन आर्ट एंड क्राफ्ट विकास संस्थान ने एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग से किया है. यह प्रदर्शनी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगी. यहां पारंपरिक भारतीय कला के साथ आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए उत्पाद भी देखने को मिल रहे हैं. प्रदर्शनी में हस्तनिर्मित कलाकृतियों, पारंपरिक कपड़ों, आभूषणों, मिट्टी के बर्तनों और घर सजाने के सामान की कई वैरायटी मौजूद हैं. अगर आपने अभी तक करवाचौथ की खरीदारी नहीं की है, तो यहां आकर अलग-अलग तरह के उत्पाद देख सकते हैं.

कन्नौज के इत्र और परफ्यूम से जीतें पत्नी का दिल
करवाचौथ पर अपनी पत्नी को कुछ खास गिफ्ट देना चाहते हैं, तो कन्नौज से आए विवेक के परफ्यूम भी एक विकल्प हो सकते हैं. विवेक अपने साथ कन्नौज के इत्र और परफ्यूम लेकर पहुंचे हैं. वह बताते हैं कि वह लगातार नए प्रयोग करते रहते हैं. इन्हीं प्रयोगों के बाद उन्होंने 'हीर', 'खुशमिजाज', 'हर्षा' और 'नरगिस' जैसे कई परफ्यूम तैयार किए हैं. ऐसे में खुशबू पसंद करने वालों के लिए यहां कई विकल्प मिल सकते हैं.

अरशद की हैंडमेड जूलरी भी है खास
इस प्रदर्शनी में गाजियाबाद से आए अरशद भी अपने हाथों से तैयार की गई जूलरी लेकर पहुंचे हैं. उनकी बनाई जूलरी गिफ्ट देने के लिहाज से भी एक विकल्प है. करवाचौथ पर पत्नी के लिए कुछ अलग और खास खरीदने की सोच रहे लोग इन उत्पादों को देख सकते हैं.
देवांशी के हाथों से तैयार उत्पादों में दिखेगा हुनर
एक्सपो में शालिनी शरद की 22 वर्षीय बेटी देवांशी के हाथों से तैयार किए गए उत्पाद भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. देवांशी एक स्पेशल चाइल्ड हैं और यहां दिखाई देने वाले उत्पादों में रंग भरने का काम उन्होंने किया है. उनके हाथों से तैयार इन चीजों के जरिए उनके हुनर की झलक देखने को मिलती है. ऐसे उत्पाद किसी अपने को गिफ्ट देने के लिए भी खास हो सकते हैं. द ग्रैंड एक्सपो 2026 में खरीदारी के साथ देश के कारीगरों और छोटे उद्यमियों के काम को करीब से देखने का मौका मिल रहा है. यहां पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों और लोगों के हुनर की झलक एक ही जगह देखने को मिलती है.
ये भी पढ़ें