scorecardresearch

First Karwa Chauth Tips: पहली बार रख रही हैं करवा चौथ का व्रत? इन 5 बातों का रखें खास ख्याल, दिनभर बनी रहेगी एनर्जी

अगर आप भी पहली बार करवा चौथ का निर्जला व्रत रखने जा रही, तो सेहत का खास ख्याल रखें. जानें कैसे 5 बातों का ख्याल रखकर आप पूरे दिन एनर्जेटिक रह सकती हैं.

Advertisement
Karwa Chauth 2026 Karwa Chauth 2026

करवा चौथ का व्रत पहली बार रखने जा रही हैं? तो पूजा की तैयारी के साथ अपनी सेहत का ध्यान भी रखें. करवा चौथ के व्रत में महिलाएं सुबह सरगी खाने के बाद रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर ही अपना व्रत खोलती हैं. कुछ महिलाएं पूरे दिन बिना पानी पिए रहती हैं, जिससे थकान, सिरदर्द, चक्कर और कमजोरी महसूस होने लगती है. अगर कमजोरी हो तो व्रत से पहले खानपान और दिनभर की दिनचर्या पर ध्यान देना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. आइए जानते हैं ऐसी 5 बातें, जिनका ख्याल रखकर आप व्रत के दौरान अपनी सेहत का ध्यान रख सकती हैं. इन्हें फॉलो करने से थकान की बजाय पूरे समय एनर्जी महसूस होगी.

सरगी में खाएं कुछ एनर्जी के लिए
सरगी में मीठा या तला-भुना खाने के बजाय ऐसी चीजें शामिल करें, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ पेट भी भरा रखें. इसके लिए रोटी, दलिया, ओट्स, दही, फल और मेवा खाने से राहत मिलेगी और पेट भी पूरे दिन भरा लगेगा. इनमें कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फाइबर और दूसरे पोषक तत्व मिलते हैं. फाइबर और प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ पेट भरा रहने में मदद करते हैं और एनर्जी देते हैं.

पानी पीएं और विटामिन-सी वाली चीजें खाएं
अगर आप निर्जला व्रत रख रही हैं, तो सरगी के समय ही पानी अच्छे से पी लें और खाने में विटामिन- सी वाली चीजें खाएं. सुबह एक साथ बहुत ज्यादा पानी पीने के बजाय सरगी से पहले और उसके दौरान सामान्य मात्रा में पानी लें. शाम से पहले शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए ऑरेंज और पाइनएप्पल सरगी में खा सकती हैं. चाहे तो खीरा भी शामिल करें, इसमें पानी की मात्रा बहुत होती है. हो सकते तो सुबह सरगी में चाय-कॉफी पीने से बचें.

दिनभर भागदौड़ और भारी काम से बचें
व्रत के दौरान शरीर को आराम देना भी जरूरी है. सुबह से शाम तक घर के काम करना, तेज धूप में बाहर रहना या एक्सरसाइज करना थकान बढ़ा सकता है. कोशिश करें कि जरूरी काम पहले ही निपटा लें और बीच-बीच में बैठकर आराम करें. थोड़ी-बहुत गतिविधियां ठीक हैं, लेकिन चक्कर, कमजोरी या थकान से बचने के लिए बड़े और बाहर जाने वाले काम को न करें.

कमजोरी और चक्कर को नजरअंदाज न करें
ज्यादा टाइम से भोजन और पानी न लेने से कुछ महिलाओं को सिरदर्द, चक्कर, कंपकंपी या कमजोरी महसूस हो सकती है. अगर आपको डायबिटीज, किडनी की बीमारी, बार-बार लो ब्लड शुगर होने की समस्या है या आप नियमित दवाएं लेती हैं, तो व्रत रखने से पहले डॉक्टर से सलाह लें. गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी अपनी सेहत के अनुसार चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए. बेहोशी, भ्रम, सीने में दर्द या गंभीर कमजोरी जैसे लक्षण हों, तो व्रत जारी रखने के बजाय तुरंत चिकित्सा सहायता लें.

व्रत खोलते समय एकदम से ज्यादा न खाएं
चांद निकलने के बाद व्रत खोलते समय धीरे-धीरे पानी पिएं और हल्का भोजन करें. एकदम से बहुत ज्यादा तला-भुना, मसालेदार या मीठा खाने से पेट में परेशानी हो सकती है. खिचड़ी, दाल-रोटी, दही या घर का खाना पर बना खाना खाएं. शरीर को सामान्य खानपान पर लौटने का समय दें.
 

ये भी पढ़ें