scorecardresearch

Delhi Weather Today: झमाझम बारिश से धुली दिल्ली की हवा, साल 2026 में पहली बार सबसे साफ दर्ज हुआ AQI, तापमान में भारी गिरावट

मानसून की पहली बारिश ने दिल्लीवासियों को बड़ी राहत दी है. शहर की हवा पहले से कहीं ज्यादा साफ हुई है. वहीं दूसरी ओर तापमान में गिरावट से मौसम भी काफी आरामदायक हो गया है.

Advertisement
AQI का स्तर हुआ बारिश के बाद सबसे कम AQI का स्तर हुआ बारिश के बाद सबसे कम

दिल्ली में मानसून की पहली झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से छुटकारा तो दिया ही, साथ ही प्रदूषण से भी राहत दिलाई है. बुधवार को हुई बारिश के बाद राजधानी की हवा इस साल की सबसे साफ हवा दर्ज की गई. इसके साथ ही तापमान में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली, जिससे मौसम सुहावना हो गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में बादलों का डेरा बना रहेगा और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.

2026 में पहली बार सबसे साफ हुई दिल्ली की हवा
बुधवार शाम 4 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 59 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है. यह साल 2026 का अब तक का सबसे बेहतर एयर क्वालिटी रिकॉर्ड है. इससे पहले 12 जून को AQI 73 दर्ज किया गया था. लगातार हुई बारिश के कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण काफी हद तक साफ हो गए, जिससे वायु गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिली.

साथ ही मानसून की बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया. बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा. इससे लोगों को उमस और तेज गर्मी से राहत मिली.

अयानगर रहा सबसे ठंडा इलाका
दिल्ली के अलग-अलग मौसम केंद्रों में अयानगर सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके बाद रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश के बाद राजधानी के अधिकांश इलाकों में मौसम पहले के मुकाबले काफी सुहावना बना रहा.

9 से 12 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 9 जुलाई (गुरुवार) को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

10 जुलाई (शुक्रवार) से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के आसार हैं, लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.

11 और 12 जुलाई को भी राजधानी में बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, बीच-बीच में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा. ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
 

ये भी पढ़ें