AI Impact Summit
AI Impact Summit
राजधानी दिल्ली में 16 से 20 फरवरी 2026 तक होने जा रहे AI Impact Summit–2026 को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. यह अंतरराष्ट्रीय समिट भारत मंडपम में आयोजित होगा, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे. कार्यक्रम के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली जिले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर आवाजाही सीमित या प्रतिबंधित रहेगी. खासतौर पर VVIP मूवमेंट के दौरान कुछ रास्तों पर आम वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद की जा सकती है.
इन प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह
मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग से लोधी रोड फ्लाईओवर तक), अकबर रोड, जनपथ, फिरोजशाह रोड, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कर्तव्य पथ, लोधी रोड, रिंग रोड (बरार स्क्वायर से AIIMS तक का हिस्सा) और NH-48 (रंगपुरी से धौला कुआं तक)। इसके अलावा भैरों मार्ग और मथुरा रोड के कुछ हिस्सों में भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा.
दिल्ली में प्रवेश करने वाले गैर-जरूरी वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके. एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें और ट्रैफिक अपडेट की जानकारी लेते रहें. ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो सेवा का अधिकतम उपयोग करने की अपील की है. नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए गए हैं.
17 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 10 प्रमुख स्कूलों के लिए विशेष व्यवस्था की है. प्रत्येक स्कूल के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं और स्कूल प्रबंधन को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दे दी गई है, ताकि छात्रों और शिक्षकों को किसी तरह की परेशानी न हो. बस सेवाओं को VVIP मूवमेंट के दौरान डायवर्ट किया जा सकता है, जबकि मेट्रो सेवा सामान्य रूप से संचालित रहेगी. ऑटो और टैक्सी चालकों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रुकने की अनुमति होगी.
वहीं ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और जारी एडवाइजरी का पालन करें, ताकि समिट के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
(रिपोर्टर: हिमांशु शर्मा)
ये भी पढ़ें: