scorecardresearch

Delhi Traffic Advisory: ध्यान दें! राजधानी में CJP का तिरंगा मार्च, दिल्ली में 21 रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट, घर से निकलने से पहले यहां देख लें पूरी लिस्ट

Delhi CJP Protest: राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में CJP ने शुक्रवार को तिरंगा मार्च निकालने का ऐलान किया है. इस मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक दोपहर 3 बजे से 21 रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा. NDMC का सेंट्रल पार्क दो दिन बंद रहेगा. घर से निकलने से पहले यहां आप जान सकते हैं कि कहां-कहां ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा.

Advertisement
Delhi Traffic Advisory Delhi Traffic Advisory

Delhi Traffic Advisory: कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन और तिरंगा मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. पुलिस ने वाहन चालकों को 21 प्रमुख रास्तों से बचने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है.

कनॉट प्लेस में प्रदर्शन को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दोपहर 3 बजे से नई दिल्ली और लुटियंस दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा. जरूरत के मुताबिक वाहनों को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट भी किया जा सकता है. ऐसे में कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देख लेने की सलाह दी गई है. पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की है.

आज इन 21 रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट
1. संसद मार्ग
2. बाबा खड़क सिंह मार्ग
3. शहीद भगत सिंह मार्ग
4. पंचकुइयां रोड
5. बसंत लेन
6. चेम्सफोर्ड रोड
7. मिंटो रोड
8. बाराखंभा रोड
9. जनपथ
10. रेल भवन
11. रफी मार्ग
12. 'सी' हेक्सागन
13. मंडी हाउस
14. पटेल चौक
15. विंडसर प्लेस
16. गोल डाक खाना
17. कस्तूरबा गांधी मार्ग
18. अशोक रोड (GPO से 'सी' हेक्सागन तक)
19. तिलक मार्ग
20. टॉलस्टॉय मार्ग
21. सिकंदरा रोड

मार्च से दूर रहने की पुलिस की अपील
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज के साथ जुटने का आह्वान किया है. संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके ने लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. संस्था ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार को लेकर जारी विवाद के बीच प्रस्तावित है. वहीं, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए लोगों से कनॉट प्लेस में होने वाले इस मार्च से दूर रहने की अपील की है. पुलिस के अनुसार, इलाके में निषेधाज्ञा लागू होने के कारण लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए.

16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने भी कदम उठाया है. परिषद ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए 16 और 17 अक्टूबर को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को आम जनता के लिए बंद रखने की जानकारी दी है. NDMC ने दिल्ली पुलिस से पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है. ऐसे में इन दोनों दिनों में सेंट्रल पार्क जाने की योजना बना रहे लोगों को अपनी योजना में बदलाव करना पड़ सकता है.

घर से निकलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे शुक्रवार को कनॉट प्लेस और सेंट्रल दिल्ली की ओर जाने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लें. जहां संभव हो, मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करें. जरूरी काम से निकलने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर चलें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें. प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के कारण सेंट्रल दिल्ली में यातायात की स्थिति बदल सकती है. ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित मार्गों पर जाने से बचें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.