Delhi NCR on yellow alert
Delhi NCR on yellow alert
दिल्ली- एनसीआर में शुक्रवार की सुबह लोगों का सामना मौसम के बदले हुए मिजाज से हुआ . तेज गर्मी के बीच आसमान में असामान्य रूप से बादल छाए रहे, जिससे मौसम कुछ अलग नजर आया . बढ़ते तापमान के बीच यह बदलाव लोगों के लिए राहत जैसा लगा, लेकिन मौसम विभाग ने इसे लेकर सतर्कता भी बरतने को कहा है . भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है .
गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, दिन के बाद के घंटों में दिल्ली के कुछ अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है . यह गतिविधि पूरे शहर में एक साथ नहीं, बल्कि कुछ चुनिंदा हिस्सों में देखने को मिल सकती है . ऐसे में लोगों को बाहर निकलते समय मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है .
इस सीजन का सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान
दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है . वहीं दिन में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है . मौसम में उमस और गर्मी दोनों का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है .
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि राजधानी में दिखाई दे रही धुंधली परत और बादलों की स्थिति के पीछे पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान के इलाकों में बना प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण जिम्मेदार जिम्मेदार है. इन क्षेत्रों से धूल के कण हवा के साथ दिल्ली-NCR तक पहुंच गए हैं, जिसकी वजह से वातावरण में धूल भरी धुंध की परत बन गई है. इसका असर हवा की गुणवत्ता पर भी देखा जा रहा है और एयर क्वालिटी में गिरावट दर्ज की गई है.
आसपास के इलाकों में भी दिखा असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, बुधवार को राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर जैसे इलाकों में गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधि दर्ज की गई थी. शुक्रवार को भी इसी तरह की स्थिति बनी रही, जिसका प्रभाव दिल्ली के मौसम पर भी पड़ रहा है.
स्काइमेट के महेश पलावत के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-NCR और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान और बढ़ सकता है. पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में लू जैसी स्थिति भी बन सकती है.
ये भी पढ़ें