चट्टान से लटकते हुए
चट्टान से लटकते हुए
सवाई माधोपुर में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए जान जोखिम में डालकर रील बनाने वालों पर अब पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. छाण कस्बे की पहाड़ी पर करीब एक हजार फीट गहरी खाई के ऊपर झूलती चट्टान पर स्टंट कर रील बनाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने इस खतरनाक जगह पर रील बनाने वाले दो युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है.
सवाई माधोपुर के छाण कस्बे की पहाड़ी पर रील बनाने का जुनून युवाओं पर इस कदर हावी हुआ कि उन्होंने अपनी जान तक जोखिम में डाल दी. वह करीब एक हजार फीट गहरी खाई के ऊपर झूलती चट्टान पर पहुंचकर तरह-तरह के स्टंट करते हुए रील बना रहे थे. कोई चट्टान से लटककर वीडियो बना रहा था तो कोई खतरनाक अंदाज में खाई के मुहाने पर खड़ा होकर रील शूट कर रहा था.
रील बनाने के लिए युवाओं की भीड़ पहाड़ी पर पहुंचने लगी तो ग्रामीणों ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया. लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने का जुनून युवाओं पर भारी पड़ा. खतरनाक चट्टान पर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो मामला पुलिस तक पहुंच गया.
इसके बाद छाण चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमनपुरा निवासी जितेंद्र सैनी और छाण निवासी नरेंद्र सैनी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने अब इस खतरनाक चट्टान पर युवाओं की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है और यहां पुलिस को भी तैनात किया गया है.
पुलिस का कहना है कि चट्टान बेहद खतरनाक है और यहां जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है. ऐसे में हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है. पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि महज लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में डालकर ऐसी जगहों पर रील न बनाएं.
सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की सनसनी के लिए जिंदगी को दांव पर लगाने वालों पर अब पुलिस की नजर है. पुलिस की सख्ती का मकसद साफ है कि रील बने या न बने, लेकिन किसी की जिंदगी खतरे में नहीं पड़नी चाहिए.