scorecardresearch

Extra marital Affair: अवैध प्रेम संबंध में रोड़ा बन रही पत्नी को पति ने प्रेमिका संग मिलकर उतारा मौत के घाट, ऐसे खुला हत्या का राज

गुजरात के गांधीनगर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे रोहित ने लाइब्रेरी में बनी अपनी प्रेमिका वर्षा के साथ मिलकर पत्नी संगीता हत्या कर दी. आरोपी इसे आत्महत्या साबित करना चाहते थे, लेकिन एक गलती ने खोल दी सारी पोल. सेक्टर-7 पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
Extra marital Affair Extra marital Affair

गुजरात के गांधीनगर के सेक्टर-4 ए इलाके में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक विवाहित युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की रुमाल से गला घोंटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि पत्नी उनके प्रेम संबंध में बाधा बन रही थी. हत्या के बाद इसे प्राकृतिक मौत या आत्महत्या दिखाने की कोशिश भी की गई. लेकिन कहते हैं न कि कातिल कितना भी शातिर क्यों न हो, लेकिन कोई न कोई निशान छोड़ जाता है. वैसा ही हुआ इस मामले में भी. मामले में सेक्टर-7 पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है.

लाइब्रेरी में हुई मुलाकात, फिर बढ़ीं नजदीकियां
विरमगाम का रहने वाला रोहित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए गांधीनगर आया था, जबकि उसकी पत्नी संगीता बच्चों के साथ विरमगाम में रहती थी. रोहित गांधीनगर के सेक्टर-2 स्थित मोगल लाइब्रेरी में पढ़ने जाता था. इसी दौरान दाहोद जिले के फतेहपुरा तालुका के गढ़डा गांव की रहने वाली वर्षा भी वहां पढ़ाई करने आती थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका परिचय प्रेम संबंध में बदल गया. इसके बाद दोनों ने भविष्य में साथ रहने का फैसला किया और सेक्टर-4 ए के प्लॉट नंबर 1021/2 में किराए पर रहने लगे.

गांधीनगर में रहने के दौरान रोहित ने भाट स्थित प्लाज्मा रिसर्च में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी शुरू की. वहीं, वर्षा ने रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करना शुरू कर दिया. कुछ दिन पहले रोहित की पत्नी संगीता बच्चों को लेकर गांधीनगर रहने आ गई. वर्षा को देखकर संगीता को भी कुछ अजीब लगा. बाद में जब संगीता को पता चला कि उसका पति और उसकी प्रेमिका एक ही घर में रह रहे हैं, तो उसने अपने परिवार को बचाने के लिए इस संबंध का कड़ा विरोध किया और रोहित को टोका.

पत्नी को रास्ते से हटाने की रची साजिश
आरोप है कि संगीता उनके प्रेम संबंध में आगे बाधा न बने, इसलिए रोहित और वर्षा ने मिलकर उसे खत्म करने की साजिश रची. इसी साजिश के तहत 8 अक्टूबर की आधी रात को, जब संगीता सो रही थी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे, तब रोहित और वर्षा ने मिलकर उसके गले में रुमाल से फंदा डालकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों ने मामले को प्राकृतिक मौत या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और संगीता को सिविल अस्पताल ले गए.

संगीता के ससुर रमेशजी ठाकोर ने सुबह-सुबह शिकायतकर्ता मेरूभाई को फोन किया. उन्होंने बताया कि संगीता ने कोई जहरीली दवा खा ली है और हालत गंभीर होने के कारण उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया है. यह खबर सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत गांधीनगर सिविल अस्पताल पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने संगीता की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

गले पर निशान देखकर पुलिस को हुआ शक
पुलिस के मुताबिक, शव की जांच के दौरान संगीता के गले पर फंदे या गला घोंटे जाने के स्पष्ट निशान दिखाई दिए. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए सेक्टर-7 पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने रोहित से सख्ती से पूछताछ की, तो मामले की सच्चाई सामने आई. पुलिस के अनुसार, रोहित ने अपनी प्रेमिका वर्षा के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया.
 

ये भी पढ़ें