scorecardresearch

अस्पताल प्रशासन की लापरवाही, हॉस्पिटल में व्हीलचेयर न मिलने पर पोते ने किया कुछ ऐसा, जिसका वीडियो देख आप भी लग जाएंगे सोचने

गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (ANMMCH) से एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. इस घटना ने न सिर्फ अस्पताल की व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि यह भी दिखा दिया कि मरीजों के साथ सिस्टम कितना असंवेदनशील हो सकता है.

स्कूटी पर बैठा कर दादी को ले जाया गया दूसरे अस्पताल स्कूटी पर बैठा कर दादी को ले जाया गया दूसरे अस्पताल

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती वृद्ध मरीज प्यारी देवी को व्हीलचेयर की सुविधा नहीं दी गई. उनकी स्थिति बिगड़ती जा रही थी, इसलिए परिजनों ने उन्हें दूसरे प्राइवेट अस्पताल ले जाने का फैसला किया. लेकिन जब दादी को वार्ड से गेट तक लाने के लिए अस्पताल प्रशासन से परिजनों ने व्हीलचेयर मांगी, तो कथित तौर प्रशासन द्वारा यह कह दिया गया कि अभी अस्पताल में स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं है. जिसके बाद परिवार के लोग थोड़ा घबरा गए और मजबूरी में प्यारी देवी के पोते ने अपनी दादी को सीधे स्कूटी पर बैठा कर अस्पताल से प्राइवेट संस्थान तक ले गया. यह दृश्य जिसने भी देखा, वह दंग रह गया. हालांकि इस घटना का पूरा वीडियो अब वायरल हो चुका है. 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सोमवार, 6 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक अपनी बीमार दादी को स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल से बाहर ले जा रहा है, और इसके बावजूद कोई भी अस्पताल कर्मी मदद के लिए आगे नहीं आता.

समय पर इलाज और डॉक्टर न मिलने का आरोप
परिजनों का कहना है कि प्यारी देवी को सांस लेने में तकलीफ के बाद ANMMCH में भर्ती कराया गया था. लेकिन वहां बेहतर इलाज नहीं मिला और यहां तक कि समय पर डॉक्टर भी उपलब्ध नहीं हुए, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती गई. इसी कारण परिजनों ने उन्हें किसी प्राइवेट अस्पताल में ले जाने का फैसला किया.

इस पूरे मामले पर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार सिंह ने फोन पर कहा कि यह मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आया है और अस्पताल में व्हीलचेयर की कोई कमी नहीं है. यदि ऐसा कुछ हुआ है तो जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी. लेकिन सवाल यह है कि अगर सुविधा की कमी नहीं है, तो एक वृद्ध मरीज को स्कूटी पर क्यों ले जाना पड़ा?

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि बिहार के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक ANMMCH में भी मरीजों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं. प्रशासनिक लापरवाही आज भी उसी तरह मौजूद है. 


(रिपोर्ट- पंकज कुमार)

ये भी पढ़ें