मृतक का चचेरा भाई
मृतक का चचेरा भाई
आजकल के समय में सोशल मीडिया एक-दूसरे से जुड़ने से ज्यादा विवाद का अड्डा बन चुका है. जहां छोटी-छोटी बात को लेकर विवाद हो जाता है. बाद में विवाद किस किनारे जाकर रुकता है, इस बात का अंदाज़ा लगाना नामुमकिन है. कई मामलों में तो विवादों में जान तक चली जाती है. ऐसा ही एक मामला आरा से आया है. जहां कोचिंग पढ़ने गए इंटर के एक छात्र का अपहरण कर बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी गई. यह घटना नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड की बताई जा रही है, जबकि हत्या के बाद छात्र का शव मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया रेलवे अंडरपास के नीचे पानी से बरामद किया गया है.
कौन है मृतक?
मृतक की पहचान बड़हरा थाना क्षेत्र के एकवना गांव के निवासी उपेंद्र कुमार सिंह के 18 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार सिंह के रूप में हुई है. जो हाल-फिलहाल में नगर थाना क्षेत्र के धनुपरा मोहल्ला में अपने परिवार के साथ रहता था और वहीं पर किराना का दुकान भी चलाता था.
कैसे घटित हुआ मामला?
मृतक छात्र अपने दोस्तों के साथ सुबह धनुपरा स्थित अपने घर से करीब 10 बजे नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड स्थित एक मैथमैटिक्स कोचिंग में पढ़ने के लिए निकला था. परिजनों के अनुसार, सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर सन्नी ने अपने चचेरे भाई को फोन किया और कुछ लोगों के साथ होने की जानकारी दी. इसके बाद करीब 11 बजकर 6 मिनट पर उसने अपने सगे भाई को फोन कर बताया कि कुछ युवक जबरन उसे बाइक पर बैठाकर गड़हनी की ओर ले जा रहे हैं और उसकी हत्या की साजिश रची गई है. इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और नवादा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ.
क्या कहना है मृतक के भाई का?
मृतक के चचेरे भाई संदीप कुमार और परिजनों का आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक लड़की से जुड़े विवाद को लेकर उसके बॉयफ्रेंड और उसके साथियों ने छात्र का अपहरण किया और मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच में सामने आया है कि इंस्टाग्राम पर हुए एक विवाद के बाद इस जघन्य हत्या की साजिश रची गई. परिजनों का आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक लड़की से जुड़े विवाद को लेकर उसके बॉयफ्रेंड और उसके साथियों ने छात्र का अपहरण किया और मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.
दरअसल मृतक और लड़की के बीच कुछ विवाद हो गया था. जिसके बाद लड़की के ही कहने पर मृतक का अपहरण करवाया गया. लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड ने कहा था कि लड़के को मार दो, उसके बाद ही मैं तुमसे शादी करूंगी.
- सोनू कुमार सिंह की रिपोर्ट