UP CM Yogi Adityanath
UP CM Yogi Adityanath
उत्तर प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले जनता के लिए तोहफों की बारिश कर दी है. ऐसा करके योगी सरकार जनता के लिए शिकायत का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती. उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को राज्य के प्राइमरी स्कूलों में कार्यरत अनुदेशकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों के लिए एक खास घोषणा की. ये घोषणाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को रसोइयों और अनुदेशकों के साथ आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में की गई. इस ऐलान में इनके लिए कई सुविधाएं देने की बात कही गई. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर एक रसोइये को पांच लाख रूपए की स्वास्थ्य कवर बीमा के साथ जोड़ा जाएगा.
अनुदेशकों के मानदेय में हुआ 2000 रुपए का इजाफा
योगी सरकार ने इसके साथ और भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की. उत्तर प्रदेश सरकार ने रसोइयों का मानदेय 500 रुपए बढ़ाया जबकि अनुदेशकों का मानदेय 2000 रुपए बढ़ाया गया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रसोइयों को एप्रन और हेयर कैप देने की भी घोषणा की. इसके साथ ही महिला रसोइयों को साल में दो साड़ी दी जाने की बात कही गई. बता दें कि शिक्षा विभाग ने सरकार के पास इस संबंध में प्रस्ताव काफी पहले भेजा था.
पंचायत प्रतिनिधियों का हाल ही में बढ़ाया गया था मानदेय
इस घोषणा के बाद प्रदेश के 30 हजार अनुदेशकों को फायदा मिलेगा. अभी तक अनुदेशकों को हर महीने लगभग 7 हजार रुपए का मानदेय दिया जाता था. वहीं रसोइए के लिए 1500 रुपए के मानदेय का प्रावधान था. इसमें एक हजार रुपए केंद्र और 500 रुपए राज्य सरकार देती है. बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 8,84, 225 पंचायत प्रतिनिधियों पर अपना प्यार लुटाया था और ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों का मानदेय बढ़ाया था.