scorecardresearch

ग्रेटर नोएडा के PNB में करोड़ों की रकम गायब होने का आरोप, 16 खाताधारकों ने की शिकायत, पांच कर्मचारी सस्पेंड

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी.

Advertisement
Five PNB Staff Suspended Five PNB Staff Suspended

ग्रेटर नोएडा में बैंक में जमा अपनी मेहनत की कमाई को लेकर खाताधारक परेशान हैं. सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में कई लोगों के खातों से लाखों रुपये गायब होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई. किसी के खाते में लाखों रुपये कम हो गए, तो किसी के खाते में करोड़ों रुपये होने के बावजूद अब एक रुपया भी नहीं बचा है. मामला सामने आने के बाद बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है.

खाते में थे 94 लाख रुपये, बचे सिर्फ 16 हजार
ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव के रहने वाले गौतम ने बताया कि उनके पिता का खाता सेक्टर पाई-1 स्थित PNB शाखा में है. परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत थी. चेकबुक नहीं होने के कारण वह बैंक में फॉर्म भरकर पैसे निकालने पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों ने बताया कि खाते में पर्याप्त रकम नहीं है. गौतम के मुताबिक, उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये जमा थे. जब उन्होंने बैंक से जानकारी ली, तो पता चला कि खाते में सिर्फ 16 हजार रुपये बचे हैं. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की. परिवार को बैंक अधिकारियों की ओर से रकम को लेकर आश्वासन दिया गया है.

जमीन मुआवजे के 1.29 करोड़ रुपये भी गायब
इस मामले में एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे. परिवार ने जरूरत के अनुसार इसमें से 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे. इसके बाद खाते में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये होने चाहिए थे, लेकिन अब खाते में एक रुपया भी नहीं बचा है. खाताधारक के अनुसार, परिचितों से बैंक में कथित गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद परिवार को मामले का पता चला. बैंक की ओर से 10 से 15 दिन में रकम वापस मिलने का आश्वासन दिया गया है. हालांकि, परिवार पुलिस में शिकायत देने की तैयारी कर रहा है.

5 कर्मचारी निलंबित, पुलिस कर रही जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद PNB के वरिष्ठ अधिकारी शाखा पहुंचे और खाताधारकों को आश्वासन दिया. बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. साथ ही, शाखा में नए कर्मचारियों की तैनाती की गई है. बैंक की एंटी करप्शन टीम भी मामले की जांच कर रही है. नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता के अनुसार, थाना बीटा-2 क्षेत्र में आने वाली इस बैंक शाखा से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देश दिए गए हैं. पुलिस अब तक 16 लोगों की शिकायत मिलने की बात कह रही है. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितनी रकम प्रभावित हुई है और कथित तौर पर पैसे किन खातों में ट्रांसफर किए गए. पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति सामने आएगी.

ये भी पढ़ें: