Noida News
Noida News
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में लिफ्ट में फंसने की घटनाओं से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. सोमवार शाम टावर M की पैसेंजर लिफ्ट में ऊपरी फ्लोर से नीचे आ रहे 13 लोग अचानक लिफ्ट रुकने से करीब 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे. इनमें छोटे बच्चे और सीनियर सिटीजन भी शामिल थे.
अचानक झटके से रुक गई लिफ्ट-
बताया जा रहा है कि लिफ्ट अचानक झटके के साथ बीच फ्लोर पर रुक गई. इसके बाद अंदर फंसे लोगों ने मदद के लिए कई बार इंटरकॉम और इमरजेंसी अलार्म बजाया. लेकिन आरोप है कि काफी देर तक कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा. लिफ्ट में फंसे लोगों ने गेट भी बजाया. इस दौरान गर्मी के कारण उनकी हालत खराब होने लगी.
रोने लगे बच्चे-
लिफ्ट में बच्चों के रोने की आवाज सुनकर बाहर मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद उन्होंने आनन-फानन में सुरक्षा गार्ड और मेंटिनेस टीम को सूचना दी. करीब 20 मिनट बाद लिफ्ट को फर्स्ट फ्लोर पर लाकर उसका गेट खोला गया, जिसके बाद सभी 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
रखरखाव में लापरवाही- सोसायटी निवासी-
सोसायटी निवासी दिनकर पांडेय ने बताया कि लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं. उनका आरोप है कि सोसायटी में लिफ्ट अटकना आम बात हो गई है और आए दिन लोग लिफ्ट में फंस रहे हैं.
निवासियों का कहना है कि लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधा के रखरखाव में लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने लिफ्ट के नियमित रखरखाव और खराबी की स्थिति में तत्काल मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: