chamba snowfal
chamba snowfal
मार्च का आधा महीना बीत जाने के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली और हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में एक बार फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया. मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से मशहूर डलहौजी में सोमवार सुबह हुई ताजा बर्फबारी ने पूरे इलाके को सफेद चादर से ढक दिया. फरवरी में जहां पहाड़ों पर गर्मी का असर महसूस होने लगा था, वहीं मार्च के मध्य में हुई इस बर्फबारी ने लोगों को हैरान कर दिया है और मौसम में फिर से ठंडक बढ़ा दी है.
दरअसल, मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए डलहौजी पहुंचे पर्यटकों ने भी इस मौसम में बर्फबारी की उम्मीद नहीं की थी. लेकिन अचानक हुई ताजा स्नोफॉल ने उनकी यात्रा को और भी खास बना दिया है. पर्यटक सड़कों और विभिन्न व्यू प्वाइंट्स पर बर्फ के साथ फोटो और वीडियो बनाते नजर आए और इस अनोखे मौसम का भरपूर आनंद लेते दिखाई दिए.
मौसम ने लिया रुख
मिली जानकारी के अनुसार डलहौजी के ऊपरी क्षेत्रों में स्थित डायन कुंड में करीब एक फुट से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है. वहीं डलहौजी शहर में लगभग 3 से 4 इंच तक बर्फ गिरी है. लगातार हुई इस बर्फबारी के कारण तापमान में काफी गिरावट आ गई है और ठंड एक बार फिर लौट आई है. स्थानीय लोगों को भी अचानक बढ़ी ठंड के चलते गर्म कपड़ों के साथ-साथ अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ रहा है.
हालांकि इस बर्फबारी से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं. उनका कहना है कि मार्च के महीने में बर्फबारी होना पर्यटकों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है. इससे आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी अच्छा फायदा मिल सकता है.
कुल मिलाकर मार्च के महीने में हुई इस अप्रत्याशित बर्फबारी ने डलहौजी की वादियों में एक बार फिर रौनक लौटा दी है और पूरे इलाके को सर्दियों जैसा नजारा दे दिया है.
रिपोर्टर: विशाल आनंद
ये भी पढ़ें: