Food Poisoning
Food Poisoning
पंजाब के संगरूर जिले के मूनक में एक शादी समारोह के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया. शादी में शामिल हुए कई लोगों ने खाना खाने के कुछ ही समय बाद उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू कर दी. देखते ही देखते हालात ऐसे बने कि सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लग गई. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है.
शादी के खाने के बाद अचानक बिगड़ी लोगों की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, मूनक में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल लोगों ने भोजन किया था. खाना खाने के कुछ देर बाद ही कई लोगों को चक्कर आने लगे, जबकि कुछ लोगों को तेज उल्टी, दस्त और पेट दर्द की समस्या शुरू हो गई. हालत बिगड़ने पर परिजन घबराकर मरीजों को अस्पताल लेकर पहुंचे. समारोह स्थल पर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़
मूनक के सिविल अस्पताल में अब तक 80 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया जा चुका है. वहीं, कई अन्य लोग ढहाना और आसपास के निजी अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं. मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में आ गया है. डॉक्टरों की टीम मरीजों का इलाज करने में जुटी हुई है. राहत की बात यह है कि अधिकतर मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
फूड पॉइजनिंग की आशंका, खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शादी समारोह में बने खाने के सैंपल अपने कब्जे में ले लिए हैं. शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की असली वजह साफ हो पाएगी. प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा ने उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा मूनक के सिविल अस्पताल पहुंचे और मरीजों व उनके परिजनों का हाल जाना. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि कई मरीजों को बेड तक नहीं मिल रहे हैं और लोग जमीन पर गद्दे बिछाकर इलाज कराने को मजबूर हैं. उन्होंने सरकार के स्वास्थ्य मॉडल पर भी सवाल उठाए.
कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र गोयल ने कहा- हालात नियंत्रण में
वहीं, कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र गोयल भी सिविल अस्पताल पहुंचे और शादी का खाना खाकर बीमार हुए लोगों से मुलाकात की. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. सभी मरीजों का इलाज जारी है और हर जरूरी डॉक्टरों की टीम मौके पर तैनात है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य विभाग हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम भी किए जाएंगे.
(रिपोर्ट- कुलवीर सिंह)
ये भी पढ़ें