स्कूल
स्कूल
कानपुर देहात में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कूल में पढ़ाई नहीं होने से और मारपीट से परेशान एक छात्र शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया. छात्र ने पुलिसकर्मियों से अपनी शिक्षिका की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि मैडम स्कूल में पढ़ाने के बजाय आपस में बातचीत और फोन चलाने में बिजी रहती हैं. लेकिन कुछ देर बाद उसका एक वीडियो और वायरल हुआ जिसमें वह कहता नजर आ रहा कि स्कूल की मैडम जी कोई गलती नहीं है.
मामला राजपुर विकासखंड क्षेत्र के रसधान स्थित सिविलियन विद्यालय का है. छात्र की पहचान माधव मिश्रा के रूप में हुई है. जो कक्षा 7 का छात्र है आरोप है कि स्कूल में शिक्षका पढ़ाई नहीं कराती और बच्चे खेलते रहते हैं. वहीं बड़े छात्र उसके साथ मारपीट भी करते हैं.
छात्र ने पुलिस चौकी पहुंचकर अपनी परेशानी पुलिसकर्मियों को बताई. छात्र का कहना था कि जब वह स्कूल से पुलिस चौकी के लिए निकला तब भी मैडम फोन पर बात कर रही थीं. शिकायत सुनने के बाद पुलिसकर्मी छात्र को लेकर स्कूल पहुंचे. इसके बाद स्कूल में शिक्षिका और छात्र के बीच बातचीत हुई. इसी दौरान शिक्षिका द्वारा छात्र को डांटने का वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में शिक्षिका सायमा खान छात्र से कहती सुनाई दे रही हैं कि जो भी परेशानी है, सीधे उनसे कहो. छात्र जवाब देता है कि आप सुनती नहीं हैं. इसके बाद शिक्षिका बोली हम नहीं सुनते है अभी इतना मारेंगे की ठीक कर देंगे .
यह पूरा मामला 10 अगस्त सोमवार का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षिका के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले का संज्ञान लिया और स्कूल के हेडमास्टर अनुपम कुमार और सहायक टीचर सायमा खाँ को कारण बताओ नोटिस जारी किया.