18 May 2026 Weather Update
18 May 2026 Weather Update
देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. 18 मई को जहां कई राज्यों में तेज गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है, वहीं कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. मौसम विभाग ने अलग-अलग राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
कई राज्यों में लू का असर बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर अभी कम होता नहीं दिख रहा. कई जगहों पर लू की स्थिति गंभीर रूप ले सकती है. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. कुछ इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली और यूपी में सताएगी भीषण गर्मी
राजधानी दिल्ली में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज हो रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच सकता है. खासकर दक्षिणी यूपी में लू का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.
बिहार में बारिश और वज्रपात का खतरा
बिहार में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ सकता है. कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. पूर्णिया के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा और सहरसा जैसे जिलों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान, पंजाब-हरियाणा में गर्मी का प्रकोप
राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. पश्चिमी हिस्सों में तापमान फिर 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 18 से 23 मई तक लू का असर बने रहने का अनुमान है.
महाराष्ट्र और पहाड़ी राज्यों में बदल सकता है मौसम
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, आंधी और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मानसून को लेकर राहत की खबर
भीषण गर्मी के बीच राहत वाली बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून करीब 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है, हालांकि इसमें कुछ दिनों का अंतर संभव है. इसके बाद धीरे-धीरे मानसून देश के बाकी हिस्सों की ओर बढ़ेगा.
ये भी पढ़ें