scorecardresearch

Saharanpur News: सहारनपुर में सड़क पर दौड़ा चलता-फिरता AC! स्प्रिंकलर फव्वारों ने प्रचंड गर्मी में लोगों को दिलाई ठंडी राहत, रोड पर महसूस हुआ शिमला जैसा माहौल

सहारनपुर की सड़कों पर चल रहे वॉटर स्प्रिंकलर फव्वारे लोगों को तपती धूप में AC जैसी ठंडक का एहसास करा रहे हैं. इससे न केवल गर्मी कम महसूस हो रही है बल्कि धूल-मिट्टी भी बैठ रही है, जिससे हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल रहा है.

Water Sprinkler Fountains Water Sprinkler Fountains

सहारनपुर में भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के बीच नगर निगम की एक नई पहल लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है. दरअसल, शहर की सड़कों पर चल रहे वॉटर स्प्रिंकलर फव्वारे अब लोगों को तपती धूप में AC जैसी ठंडक का एहसास करा रहे हैं. गर्म हवाओं और चुभती धूप से परेशान लोगों को इन फुहारों के बीच राहत भरे पल मिल रहे हैं. सड़क से गुजरने वाले लोग रुककर इस ठंडी फुहार का आनंद ले रहे हैं और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.

कई मुख्य मार्गों पर चलाए जा रहे स्प्रिंकलर 
नगर निगम द्वारा अंबाला रोड, देहरादून रोड, दिल्ली रोड, कोर्ट रोड, घंटाघर चौराहा, हसनपुर चौक और देहरादून चौक समेत शहर के कई मुख्य मार्गों पर स्प्रिंकलर चलाए जा रहे हैं. जैसे ही पानी की बेहद महीन फुहारें हवा में फैलती हैं, पूरा इलाका ठंडा और सुहावना हो जाता है. लोगों का कहना है कि स्प्रिंकलर के पीछे चलते ही ऐसा महसूस होता है मानो सड़क पर नहीं बल्कि किसी ठंडी जगह या AC जोन में हों. इससे न केवल गर्मी कम महसूस हो रही है बल्कि धूल-मिट्टी भी बैठ रही है, जिससे हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल रहा है.

अनोखी पहल
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप कुमार मिश्र ने बताया कि नगर निगम की यह पहल प्रदेश में अनोखी है. इसका लोगों से बेहद सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच यह स्प्रिंकलर लोगों को राहत देने के साथ-साथ एयर क्वालिटी को भी बेहतर बना रहे हैं. खास बात यह है कि पानी बेहद पतली फुहार के रूप में निकलता है, जिससे ठंडक ज्यादा महसूस होती है और हीटवेव का असर कम हो जाता है. सड़क पर चल रहे लोग भी इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि शहर के ज्यादा से ज्यादा चौराहों और मार्गों पर ऐसे स्प्रिंकलर लगाए जाएं ताकि गर्मी से राहत मिलती रहे.

लोगों का मिल रहा अच्छा रिस्पांस 
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ संदीप कुमार मिश्र ने बताया कि हमारे उद्यान विभाग ने वॉटर स्प्रिंकलर सड़कों पर चालू किए हैं. इसकी मदद से हम एयर क्वालिटी को भी मेंटेन कर रहे हैं, साथी जो हीट वेव का बहुत ही भीषण प्रकोप है, उससे भी लोगों को राहत मिल रही है. हमारे जो वॉटर स्प्रिंकलर है शहर के मुख्य मार्गों को कवर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब भी स्प्रिंकलर सड़कों पर चलते हैं तो इसके पीछे जो लोग होते हैं, उन्हें गर्मी से बहुत राहत मिलती है. इसी के साथ जो धूल के कण हवा में होते हैं, वे भी बैठ जाते हैं. इससे एयर क्वालिटी भी बहुत बेहतर हो जाती है. वॉटर स्प्रिंकलर का हमें बहुत ही सकारात्मक और अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. लोगों की मांग भी बढ़ रही है कि इसको ज्यादा से ज्यादा हम चलाएं और चौराहों पर हम इसको विशेष कर रखें.