जिंदा बेटी का पिता ने किया पिंडदान
जिंदा बेटी का पिता ने किया पिंडदान
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर लोग हैरान हैं. यहां एक पिता ने अपनी जीवित बेटी का हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पिंडदान कर दिया. मामला धरमपुरा क्रमांक-3 का है, जहां सुजान दत्ता ने अपनी बेटी सिमरन दत्ता के दूसरे धर्म में शादी करने और धर्म परिवर्तन से नाराज होकर यह कदम उठाया. पिता ने सिर मुंडवाया और पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच बेटी का पिंडदान किया.
बेटी ने दूसरे धर्म के युवक से की शादी
परिवार के मुताबिक, सिमरन ने कुछ समय पहले एक मुस्लिम युवक से शादी की और धर्म परिवर्तन कर लिया. परिवार का दावा है कि उन्होंने बेटी को समझाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वह अपने फैसले से पीछे नहीं हटी. परिवार की ओर से इस मामले को कथित तौर पर 'लव जिहाद' बताया गया है.
जिंदा बेटी के लिए निभाई अंतिम संस्कार जैसी रस्म
20 सितंबर को सुजान दत्ता ने अपने घर पर धार्मिक विधि-विधान के साथ बेटी का पिंडदान किया. सिर मुंडवाने के बाद पंडितों ने मंत्रोच्चार किया और पिता ने बेटी से आजीवन पारिवारिक संबंध खत्म करने की घोषणा कर दी. जीवित बेटी का इस तरह पिंडदान किए जाने की खबर सामने आते ही मामला चर्चा में आ गया.
बंगाली समाज के पदाधिकारी भी पहुंचे
पिंडदान के दौरान निखिल भारत बंगाली समन्वय समिति समाज, बस्तर संभाग के अध्यक्ष जीवानंद हालदार, प्रदीप गुहा समेत समाज के कई पदाधिकारी परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और उसके फैसले का समर्थन किया. समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चों को अपनी परंपरा, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ना जरूरी है. वहीं, यह मामला अब व्यक्तिगत पसंद, धर्म, विवाह और पारिवारिक रिश्तों को लेकर नई बहस का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ें: