scorecardresearch

Jaipur Rado Showroom Theft: शोरूम में फिल्मी स्टाइल चोरी, 3 करोड़ की लग्जरी घड़ियां पार

जयपुर के टोंक रोड स्थित राडो के शोरूम 'द वॉच फैक्ट्री' से बदमाशों ने तड़के फिल्मी स्टाइल में 3 करोड़ रुपये मूल्य की घड़ियां चोरी कर लीं. वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें चोर पर्दा लगाकर बेखौफ शटर तोड़ते नजर आ रहे हैं. पुलिस घोड़ासन गैंग के एंगल से भी जांच कर रही है.

Advertisement
घड़ियों की फिल्मी चोरी घड़ियों की फिल्मी चोरी

जयपुर के टोंक रोड पर गुरुवार तड़के बदमाशों ने लग्जरी घड़ियों के शोरूम में फिल्मी स्टाइल में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने तड़के करीब 4:30 बजे Rado के ऑफिशियल स्टोर ‘द वॉच फैक्ट्री’ को निशाना बनाया. पूरी वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाशों का बेखौफ अंदाज साफ दिखाई दे रहा है. CCTV फुटेज के मुताबिक, शोरूम के बाहर पहुंचते ही बदमाशों ने सबसे पहले पर्दा लगाया. इसके बाद कुछ बदमाश पर्दे की आड़ में चले गए और लोहे की रॉड से शोरूम का मुख्य शटर तोड़ना शुरू कर दिया. बदमाशों ने पूरी वारदात को बेहद प्लानिंग के साथ अंजाम दिया. हैरानी की बात यह रही कि जिस वक्त बदमाश शटर तोड़ रहे थे, उसी दौरान सड़क पर ट्रैफिक लगातार चल रहा था. वाहन वहां से गुजरते रहे, लेकिन बदमाश बिना किसी डर के शोरूम का शटर तोड़ते रहे.

एक साथी सड़क पर करता रहा निगरानी
वारदात के दौरान बदमाशों की भूमिका भी बंटी हुई थी. कुछ बदमाश शटर तोड़ने में जुटे रहे, जबकि उनका एक साथी सड़क की तरफ खड़ा होकर आसपास की गतिविधियों और ट्रैफिक पर नजर रखता रहा. यानी एक बदमाश लगातार निगरानी करता रहा और बाकी साथी शोरूम में दाखिल होने की तैयारी में लगे रहे. शटर टूटने के बाद दो बदमाश तेजी से शोरूम के अंदर दाखिल हुए. अंदर पहुंचते ही दोनों ने कीमती घड़ियों को निकालकर बैग में भरना शुरू कर दिया. बदमाशों ने शोरूम से बड़ी संख्या में लग्जरी घड़ियां चोरी कीं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 251 घड़ियां चोरी हुई हैं. इन घड़ियों की कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है. घड़ियों को बैग में भरने के बाद बदमाश एक साथ शोरूम से बाहर निकले और मौके से फरार हो गए.

घोड़ासन गैंग का कनेक्शन भी जांच के दायरे में
करोड़ों रुपये की इस हाईप्रोफाइल चोरी के बाद अब बदमाशों के गैंग और वारदात को अंजाम देने के तरीके को लेकर भी जांच की जा रही है. घोड़ासन गैंग से कनेक्शन का एंगल भी जांच में सामने आ सकता है. हालांकि, फिलहाल पुलिस की ओर से इस गैंग के शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अब सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है. फुटेज में जिस तरह बदमाशों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया, उसके आधार पर पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
 

ये भी पढ़ें