scorecardresearch

अनुकंपा और करोड़ों की संपत्ति बनी भाई के मर्डर की वजह... 100 किलो नमक ने खोल दी हत्या की पोल

झांसी से एक ऐसी खबर आ रही है, जिसने इलाके में सनसनी मचा दी है. शादी के बाद भाई बन गया भाई का दुश्मन और उतार दी उसे मौत की घाट.

भाई के कत्ल के आरोप में गिरफ्तार शख्स भाई के कत्ल के आरोप में गिरफ्तार शख्स

शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा मोहल्ले में हुए चर्चित भाई हत्या कांड ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है. अब तक इसे आपसी कहासुनी और गुस्से में की गई वारदात बताया जा रहा था, लेकिन आरोपी के साले की गिरफ्तारी के बाद कहानी ने नया मोड़ ले लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी. वारदात में छोटे भाई के साथ उसकी पत्नी और साले की भी भूमिका सामने आई है. फरार पत्नी की तलाश जारी है.

साले की गिरफ्तारी से खुला साजिश का राज
प्रेमनगर पुलिस ने मुख्य आरोपी मसारिक बेग के साले तालिब उर्फ असद खान को गिरफ्तार कर लिया है. वह पिछले 11 दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा था और मध्य प्रदेश के निवाड़ी व महोबा क्षेत्र में छिपता फिर रहा था.

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. तालिब ने कबूल किया कि बड़े भाई तारिक की हत्या की साजिश 26 जनवरी के बाद रची गई थी. मां के घर से बाहर जाने का इंतजार किया गया और उसके अगले दिन भोर में वारदात को अंजाम दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय आरोपी की पत्नी मुस्कान भी घर में मौजूद थी. फिलहाल मुस्कान फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है.

सौ किलो नमक बना बड़ा सुराग
आरोपी तारिक के लापता होने के बाद जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छोटे भाई ने भारी मात्रा में नमक खरीदा था. एक मध्यमवर्गीय परिवार में इतनी अधिक मात्रा में नमक की जरूरत ने पुलिस को शक में डाल दिया.

19 फरवरी को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने पर मसारिक के बयान उलझते चले गए. देर रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में घर के पीछे खुदाई कराई गई. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद जमीन में दबाया गया शव बरामद हुआ. शव को गलाने के उद्देश्य से कब्र में नमक डाला गया था.

प्रॉपर्टी और रिश्तों में दरार
जांच में सामने आया कि परिवार के पास कीमती संपत्ति थी. दो प्लॉट और दो मंजिला मकान की मौजूदा कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है. पिता की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति का मुद्दा भी उठा था. हालांकि शुरुआत में दोनों भाइयों के बीच संबंध अच्छे बताए जाते हैं.

कहानी में मोड़ तब आया जब मसारिक की जिंदगी में मुस्कान की एंट्री हुई. मोहल्ले में रहने वाली मुस्कान घर में देखभाल के बहाने आने-जाने लगी. धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम विवाह तक पहुंच गया. 8 दिसंबर को दोनों ने शादी कर ली, लेकिन बड़े भाई तारिक इस रिश्ते के खिलाफ था. इसी विरोध को लेकर परिवार में तनाव बढ़ने लगा.

मृतक पक्ष का आरोप है कि मुस्कान और उसका भाई तालिब संपत्ति और गाड़ी पर नजर रखे हुए थे. स्कॉडा कार को लेकर भी घर में कहासुनी हुई थी. पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

क्या हुआ था हत्या की रात
पुलिस पूछताछ में मसारिक ने बताया कि 9 फरवरी की सुबह चाय को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि गुस्से में बड़े भाई ने चाकू उठा लिया, जिसके बाद उसने कुल्हाड़ी से वार कर दिया.

हालांकि पुलिस अब इस बयान को पूरी तरह सत्य नहीं मान रही है, क्योंकि साले की गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट हो रहा है कि घटना पूर्व नियोजित थी.

हत्या के बाद खून के निशान मिटाए गए. गद्दा और कपड़े जला दिए गए तथा शव को घर के पीछे पांच फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया. ऊपर से इंटरलॉकिंग टाइल्स दोबारा लगा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो. यहां तक कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर शक से बचने की कोशिश भी की गई.

मां और रिश्तेदारों को करता रहा गुमराह
आरोपी ने आठ दिनों तक मां और मामा को यह कहकर भ्रमित किया कि भाई लापता है. वह खुद उसकी तलाश करने का नाटक करता रहा, जबकि उसी दौरान उसकी पत्नी फरार हो गई.

पुलिस अब फरार पत्नी की तलाश में जुटी है. संभावना जताई जा रही है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद और भी अहम खुलासे हो सकते हैं.

पुलिस का बयान
प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय के मुताबिक, साले की गिरफ्तारी के बाद जांच की दिशा स्पष्ट हो गई है. आरोपी की पत्नी मुस्कान अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

 

( रिपोर्ट- अजय झा)

 

ये भी पढ़ें