scorecardresearch

पहली पत्नी को छोड़ पति ने किन्नर से रचाई शादी, अब तीसरी शादी का आरोप, पाई-पाई को मोहताज मां मजदूरी कर पाल रही 9 साल का बेटा

उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने पति पर पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी किन्नर से और फिर तीसरी शादी करने का आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन अब तक उसे राहत नहीं मिली है.

woman accused husband of marrying kinnar woman accused husband of marrying kinnar

पीड़िता महोबा जिले के नयापुरा नायकाना मोहल्ले की रहने वाली है. उसके अनुसार, 11 अक्टूबर 2015 को उसकी शादी अजय सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी में मायके पक्ष ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज और अन्य सामान दिया था. महिला ने बताया कि उसके ससुर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं. हालांकि दोनों की शादी लंबी नहीं चली और दहेज उत्पीड़न के कारण दोनों कथित तौर पर अलग हो गए. लेकिन हैरत की बात ये भी है कि अलग होने के तुरंत बाद आदमी में एक किन्नर से शादी रचा ली फिर कुछ वक्त बाद एक दूसरी महिला से.

बेटे के जन्म के बाद बढ़ा विवाद
महिला का आरोप है कि बेटे के जन्म के बाद पति और ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग करना शुरू कर दिया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी. कई बार परिवार के लोगों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नहीं बदली. बाद में उसे और उसके बेटे को घर से निकाल दिया गया.

दूसरी और फिर तीसरी शादी का आरोप
पीड़िता का दावा है कि घर से निकालने के बाद उसके पति ने पहले एक किन्नर से शादी कर उसे पत्नी के रूप में अपने साथ रखा. इसके बाद अब उसने तीसरी शादी भी कर ली है. महिला का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत पुलिस और अधिकारियों से की, लेकिन उसे अब तक न्याय नहीं मिला.

मजदूरी कर बेटे का कर रही पालन-पोषण
महिला ने बताया कि वह अपने नौ वर्षीय बेटे की परवरिश मजदूरी करके कर रही है. उसका कहना है कि वह लगातार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है.

महिला ने लगाए उपेक्षा के आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसने अपने पास मौजूद साक्ष्य भी अधिकारियों को सौंपे, लेकिन उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया. उसका कहना है कि पहली पत्नी के रहते दूसरी और तीसरी शादी करना कानूनन अपराध है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए.

पुलिस ने क्या कहा?
मामला सामने आने के बाद पुलिस मीडिया सेल ने जानकारी दी कि महिला ने वर्ष 2019 में महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है. साथ ही पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला भी कोर्ट में चल रहा है. पुलिस के अनुसार, महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्ट- प्रमोद कुमार गौतम)

ये भी पढ़ें