scorecardresearch

Bhiwadi Weather & Food Alert: दिवाली-त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 625 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम (बूढ़ी बावल) में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गोदाम पर छापा मारकर 425 किलो फफूंद व मक्खियों वाला कलाकंद, 150 किलो खट्टा दूध और 50 किलो दूषित क्रीम बरामद की. जनस्वास्थ्य को देखते हुए पूरी सामग्री मौके पर नष्ट करवाकर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं.

Advertisement
Bhiwadi Weather & Food Alert Bhiwadi Weather & Food Alert

राजस्थान की औद्योगिक राजधानी भिवाड़ी से सटे खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने कोटकासिम के बूढ़ी बावल मुख्य बाजार में स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री बरामद की. जांच के दौरान कलाकंद में मरी हुई मक्खियां और फफूंद मिली, जबकि क्रीम पर भी फफूंद लगी हुई थी. इसके अलावा दूध भी खट्टा और खराब हालत में पाया गया. टीम ने मौके से कुल 425 किलो दूषित कलाकंद, 150 किलो खराब दूध और 50 किलो फफूंद लगी क्रीम बरामद की. जनस्वास्थ्य को देखते हुए पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया.

बूढ़ी बावल के गोदाम में मिली गंदगी
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अधिकारियों ने बूढ़ी बावल, कोटकासिम क्षेत्र में स्थित मैसर्स लीलाराम एवं विकास के गोदाम का निरीक्षण किया. यह गोदाम विकास का बताया गया है, जो किशनगढ़बास के मोठूका के निवासी हैं. निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की भारी कमी पाई गई. खाद्य सामग्री की हालत देखने के बाद टीम ने मौके पर मौजूद कलाकंद, दूध और क्रीम की जांच की. इस दौरान कलाकंद में मरी हुई मक्खियां और फफूंद दिखाई दी. वहीं, क्रीम पर भी फफूंद लगी हुई थी और दूध खट्टा मिला.

425 किलो कलाकंद समेत तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गोदाम से 425 किलोग्राम कलाकंद, 150 किलोग्राम मिश्रित दूध और 50 किलोग्राम फफूंद लगी क्रीम बरामद की. इन तीनों खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. विभाग ने संभावित जनस्वास्थ्य खतरे को देखते हुए बरामद पूरी दूषित सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया. इस कार्रवाई में खराब खाद्य पदार्थों को बाजार में पहुंचने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए गए.

प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के नोडल अधिकारी हेमंत यादव ने बताया कि प्रयोगशाला से नमूनों की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस पूरी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता, मनीष शर्मा और सुरेंद्र यादव भी मौजूद रहे. फिलहाल तीनों खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें