कल से पूरे राज्य में आढ़ती हड़ताल
कल से पूरे राज्य में आढ़ती हड़ताल
पंजाब में 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो रही है. लेकिन इस सीजन से ठीक पहले आढ़तियों ने पूर्ण हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है. जानकारी के अनुसार कल से पूरे राज्य में आढ़ती हड़ताल पर रहेंगे, जिसके कारण गेहूं की खरीद, सफाई और भराई का सारा काम ठप रहेगा.
हालांकि, आढ़तियों ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला भी लिया है. मंडियों में आ रही सरसों और जौ की फसल की खरीद जारी रहेगी, क्योंकि ये फसल ज्यादा समय तक पड़ी रहने से खराब हो सकती है. इसलिए यह फैसला किसानों के नुकसान से बचाव के लिए लिया गया है. खन्ना आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरबंस सिंह रोशा ने बताया कि कुछ साल पहले आढ़तियों की कमीशन ढाई प्रतिशत से घटाकर सिर्फ 46 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई थी, जिसके बाद से ही संघर्ष जारी है. हाल ही में एफसीआई की ओर से 4 रुपये 75 पैसे का बढ़ोतरी की गई है, लेकिन यह बहुत कम है.
कमीशन 55 रुपये प्रति क्विंटल की मांग
उनकी मुख्य मांग है कि हरियाणा की तरह पंजाब में भी कमीशन 55 रुपये प्रति क्विंटल की जाए. साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे ईपीएफ नियमों से आढ़तियों को बाहर रखा जाए और जारी नोटिस रद्द किए जाएं. आढ़तियों का कहना है कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी.
6 से 8 हजार किसान जुड़े
दाना मंडी खन्ना में किसानों ने चिंता जताई है कि अगर हड़ताल लंबी चली तो गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है और मंडियों में भारी भीड़ और अव्यवस्था पैदा हो सकती है. किसानों ने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर मामले का समाधान करने की मांग की है. गौरतलब है कि खन्ना की दाना मंडी एशिया की सबसे बड़ी मंडी मानी जाती है, जहां करीब 300 आढ़ती और 6 से 8 हजार किसान जुड़े हुए हैं.
रिपोर्टर: गुरदीप सिंह
हड़ताल के कारण इस बड़े क्षेत्र के किसानों पर सीधा असर पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: