scorecardresearch

Kheda News: पुरानी रंजिश के चलते हुआ विवाद, चली लाठी-डंडे, हुई पत्थरबाजी...VIDEO VIRAL

खेड़ा जिले के नडियाद तालुका के गुताल गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. तीखी बहस के बाद दोनों तरफ से लाठी-डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल किया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

Advertisement
पत्थरबाजी करते हुए लोग पत्थरबाजी करते हुए लोग

गुजरात के खेड़ा जिले के नडियाद तालुका के गुताल गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच जमकर बवाल हुआ. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों तरफ से लाठी-डंडे निकले और फिर शुरू हो गया एक-दूसरे पर पत्थर बरसाने का सिलसिला. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया.

पुराना रंजिश के चलते हुई पत्थरबाजी

खेड़ा जिले के गुताल गांव में पुरानी अदावत एक बार फिर विवाद की वजह बन गई. बताया जा रहा है कि पहले से चली आ रही किसी बात को लेकर दोनों पक्ष अचानक आमने-सामने आ गए. शुरुआत तीखी बहस और गाली-गलौज से हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.

जिसके बाद दोनों तरफ से लोग हाथों में बड़े-बड़े लकड़ी के डंडे लेकर सड़क पर उतर आए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई. अचानक हुए इस घटनाक्रम से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग डर के चलते अपने घरों की ओर जाने लगे.

वीडियो में दिखी लाठी बरसती

पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लिए और एक-दूसरे की तरफ पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि के संबंध में जानकारी सामने नहीं आई है.

पुलिस लोगों की पहचान करने में लगी

घटना की सूचना मिलते ही वडताल पुलिस की टीम गुताल गांव पहुंची. वडताल पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर जे. एच. वाघेला के मुताबिक, पुरानी बात को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और गांव में शांति बहाल करने की कार्रवाई की.

पुलिस के मुताबिक, मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. वायरल वीडियो के आधार पर पथराव करने और लाठी-डंडों के साथ हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है. पहचान और जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

- हेताली शाह की रिपोर्ट