scorecardresearch

बचपन की दोस्त राजश्री बनेंगी तेजस्वी की हमसफर, दिल्ली में कल होगी लालू के छोटे लाल की सगाई

तेजस्वी यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे. बचपन की दोस्त राजश्री से उनकी सगाई होने जा रही है. चर्चा है कि सगाई को दो महीने बाद यानि फरवरी में उनकी शादी हो सकती है.

Advertisement
बड़े भाई तेज प्रताप और तेजस्वी. बड़े भाई तेज प्रताप और तेजस्वी.
हाइलाइट्स
  • तेजस्वी और राजश्री ने डीपीएस स्कूल में साथ पढ़ाई की है

  • दोनों दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी में ही रहते थे

  • लालू-राबड़ी की हामी के बाद शुरू हुई शादी की चर्चा 

लालू के छोटे लाल तेजस्वी अब शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. उनके सिर पर सेहरा सजेगा. तेजस्वी की बचपन की दोस्त राजश्री उनकी हमसफर बनने जा रही हैं. बताया जा रहा है कि राजश्री और तेजस्वी बचपन के दोस्त हैं और दोनों ने साथ में दिल्ली के डीपीएस आरकेपुरम में पढ़ाई की है. बुधवार को अचानक यह बातें मीडिया के सामने आई. अब तक इसको लेकर किसी को कानों कान खबर तक नहीं लगी थी.

सगाई को लेकर तैयारी पूरी
तेजस्वी और राजश्री की सगाई गुरुवार को दिल्ली में होगी. इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है. कोरोना को देखते हुए बड़ा आयोजन नहीं किया जा रहा है. तेजस्वी के करीबी रिश्तेदार दिल्ली पहुंच चुके हैं. इस समारोह में करीब 50 लोग ही शामिल होंगे.

करीबी लोग ही समारोह में रहेंगे मौजूद
ऐसी जानकारी मिल रही है कि तेजस्वी की सभी बहनें और उनके पति इस समारोह में मौजूद रहेंगे. तेजप्रताप भी सगाई में मौजूद रहेंगे. कुछ दिनों पहले ही सभी लोग दिल्ली पहुंच चुके हैं. ऐसी जानकारी मिल रही है कि पारिवार के सदस्यों के अलावा भोला यादव भी इस समारोह में मौजूद रहेंगे. पार्टी का कोई नेता इस समारोह में शामिल नहीं होगा.

फ्रेंड्स कॉलोनी में रहते थे दोनों
तेजस्वी जब स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे तो दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी में रहते थे. राजश्री भी फ्रेंड्स कॉलोनी में ही रहती थी. स्कूल में दोस्ती के अलावा एक ही कॉलोनी में रहने की वजह से दोनों के बीच अक्सर मिलना जुलना होता था. धीरे-धीरे दोस्ती गहरी होती चली गई. तेजस्वी क्रिकेट खेलने लगे लेकिन दोस्ती बरकरार रही. दोस्ती कब प्यार में बदल गई पता ही नहीं चला. राजश्री के पिता बिजनेसमैन हैं.

लालू-राबड़ी ने लगाई मुहर
जब-जब तेजस्वी से उनकी शादी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने यही कहा कि मां-बाप की मर्जी से शादी होगी. सूत्र बताते हैं कि तेजस्वी ने अपने दिल की बात माता-पिता से शेयर की. लालू और राबड़ी की तरफ से मुहर लगी. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच शादी की बात आगे बढ़ी.

फरवरी में हो सकती है शादी
ये कयास लगाए जा रहे हैं कि चट मंगनी पट ब्याह हो सकता है. लेकिन, सूत्र यह बता रहे हैं कि सगाई के बाद तेजस्वी दो महीने का ब्रेक चाहते हैं. तेजस्वी की शादी फरवरी में हो सकती है. सगाई दिल्ली के सैनिक फार्म हाउस में होगी. इसको लेकर यहां पूरी तैयारी कर ली गई है.

शादी के लिए मिले थे हजारों प्रपोजल
बिहार में डेढ़ साल तक चली महागठबंधन की सरकार में जब तेजस्वी मंत्री थे तब उन्होंने रोड मेंटेनेंस के लिए टॉल फ्री नंबर जारी किया था. इस पर हर दिन हजारों कॉल आते थे. इस नंबर पर कुछ लोग सड़क खराब की शिकायत करते थे. लेकिन, ज्यादातर कॉल तेजस्वी को शादी के लिए आने लगे. हजारों लड़कियों ने तेजस्वी को शादी के लिए प्रपोजल भेजा. जब ये बातें मीडिया में आई तो इसको लेकर तेजस्वी से सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा था कि वे अपने माता-पिता की मर्जी से ही शादी करेंगे. लालू और राबड़ी ही अपनी बहू चुनेंगे.