सलमान खान (फाइल फोटो)
सलमान खान (फाइल फोटो)
कोरोना के खिलाफ जंग में देशभर में टीकाकरण अभियान जोर-शोर से चालू है. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 113 करोड़ से ज्यादा लोगों को भारत में कोरोना वैक्सीन दी जा चुकी है. जिसमें कम से कम 75.54 करोड़ लोगों को वैक्सीन की एक डोज लगी है और 38.07 करोड़ लोगों को दोनों डोज लगाई जा चुकी है. इस सबके बावजूद कई लोगों में अभी भी टीकाकरण को लेकर झिझक है. बहुत से लोगों ने अभी भी अलग-अलग कारणों से कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाई है.
ऐसे में महाराष्ट्र के मुस्लिम इलाकों में टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के साथ-साथ मुस्लिम धर्मगुरुओं की मदद लेगी. ताकि मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन किया जा सके. महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार मुस्लिम इलाकों में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए अभिनेता सलमान खान की मदद लेने की सोच रही है क्योंकि इन इलाकों में कई लोग वैक्सीन लेने से झिझक रहे हैं.
कुछ इलाकों में टीकाकरण की रफ्तार कम
राजेश टोपे ने कहा, 'कोरोना वैक्सीनेशन के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे है, लेकिन कुछ इलाकों में टीकाकरण की रफ्तार काफी कम है. मुस्लिम बहुल इलाकों में अब भी कुछ हिचकिचाहट है. हमने मुस्लिम समुदाय को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सलमान खान और धार्मिक नेताओं की मदद लेने का फैसला किया है.’ उन्होंने कहा कि धार्मिक नेताओं और फिल्म अभिनेताओं का लोगों पर बहुत प्रभाव होता है और लोग उन्हें सुनते हैं.
महाराष्ट्र में कोरोना वैक्सीन की 10.25 करोड़ डोज
जालना में पत्रकारों को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के हेल्थ मिनिस्टर ने कहा कि राज्य में अब तक कोरोना वैक्सीन की 10.25 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं. नवंबर के अंत तक सभी पात्र व्यक्तियों को कम से कम पहली खुराक मिल जाएगी. COVID-19 की तीसरी लहर की संभावना पर महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार महामारी का चक्र सात महीने का होता है, लेकिन बड़े पैमाने पर टीकाकरण के कारण संभावना है कि अगली लहर ज्यादा गंभीर नहीं होगी. उन्होंने लोगों से कोविड -19 सेफ़्टी प्रोटोकॉल का पालन करने और वैक्सीन लगवाने की अपील की.
ये भी पढ़ें: