Delhi CM Rekha Gupta During the Launch of Healthcare Initiatives at ASHA Sammelan 2026
Delhi CM Rekha Gupta During the Launch of Healthcare Initiatives at ASHA Sammelan 2026
दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं. त्यागराज स्टेडियम में आयोजित आशा सम्मेलन-2026 में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वास्थ्य से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत की. इनमें सबसे अहम फैसला राजधानी की 6690 आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन भत्ते को 3 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपए करना है. इसके अलावा नवजात बच्चों में 63 जन्मजात बीमारियों की मुफ्त जांच, जीबी पंत अस्पताल में SOTTO का नया भवन और निजी नर्सिंग होम के लिए ऑनलाइन मैनेजमेंट पोर्टल शुरू किया गया है.
1. आशा कार्यकर्ताओं को अब हर महीने 6 हजार रुपए
दिल्ली में काम कर रहीं 6690 आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन भत्ता अब दोगुना हो गया है. पहले उन्हें 3 हजार रुपए मिलते थे, अब 6 हजार रुपए दिए जाएंगे. सरकार के मुताबिक आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों और परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी जानकारी और सरकारी योजनाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं. कोरोना महामारी के दौरान भी आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. सरकार का कहना है कि भत्ते में बढ़ोतरी उनके योगदान को सम्मान देने के साथ उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में कदम है.
2. नवजातों की 63 बीमारियों की मुफ्त जांच
नवजात बच्चों के माता-पिता के लिए ‘मिशन अनमोल’ से जुड़ा फैसला खास काम का है. इसके तहत जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर 63 जन्मजात बीमारियों की मुफ्त स्क्रीनिंग की जाएगी. इसमें आनुवंशिक, मेटाबॉलिक और जन्मजात बीमारियों की शुरुआती पहचान पर ध्यान दिया जाएगा. बीमारी का पता शुरुआती दिनों में चलने से बच्चे का इलाज समय पर शुरू किया जा सकता है. सरकार स्क्रीनिंग का दायरा करीब 1.5 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख नवजातों तक करने की दिशा में काम कर रही है. अब तक 75 हजार से ज्यादा बच्चों की स्क्रीनिंग हो चुकी है और 700 से अधिक बच्चों को समय पर इलाज मिल चुका है.
3. अंगदान और प्रत्यारोपण के लिए नया SOTTO भवन
जीबी पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) के नए भवन का उद्घाटन भी किया गया. इसका मकसद अंगदान और अंग प्रत्यारोपण से जुड़ी व्यवस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना है. सरकार का जोर लोगों को अंगदान और देहदान के प्रति जागरूक करने पर भी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने खुद SOTTO पोर्टल के जरिए देहदान के लिए पंजीकरण कराया है.
4. नर्सिंग होम का रजिस्ट्रेशन अब ऑनलाइन
दिल्ली के निजी नर्सिंग होम के लिए नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल शुरू किया गया है. अब रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल की प्रक्रिया ऑनलाइन की जा सकेगी. नर्सिंग होम संचालक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे और आवेदन की स्थिति भी देख सकेंगे. इससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी.
सरकार का फोकस सिर्फ घोषणा नहीं, काम पर
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ लोगों तक पहुंचाना है. वहीं उपराज्यपाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के जरिए दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है.