scorecardresearch

करो संपत्ति का बंटवारा, दो मुझे मेरा हिस्सा, वरना कूदकर दे दूंगा जान... वायरल हुआ हाई वोल्टेज ड्रामे का वीडियो

अक्सर जहां संपत्ति के पीछे भाइयों में लड़ाई होती है. वहीं एक ऐसा मामला सामने आया जहां बंटवारे की मांग करते हुए एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया. जिसके बाद वहां से कूदने की धमकी देने लगा.

Advertisement
पानी की टंकी पर चढ़ा युवक पानी की टंकी पर चढ़ा युवक

यूपी के बांदा में एक अजीबोगरीब हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर जमकर हाई वोल्टेज ड्रामा किया. इस पूरे ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. युवक ने यह कदम बंटवारे को लेकर उठाया. ऐसा नहीं था कि बंटवारे में उसे कम हिस्सा मिला, उलटा उसका कहना था कि उसके भाइयों से उसका बंटवारा करा दिया जाए. युवक का कहना था कि अगर बंटवारा नहीं होगा तो वो टंकी से कूदकर अपनी जान दे देगा.

युवक का आरोप है कि उसको भाइयों से उसे कुछ नहीं मिलता. जिससे उसके बीवी-बच्चे काफी परेशान है, पढ़ाई लिखाई से लेकर पेट भरने तक उनके लिए मुश्किल हो रहा है. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचीं और युवक को समझाकर नीचे उतारा, जिसके बाद थाने लेकर उसकी कॉउंसलिंग की.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला बबेरू कोतवाली क्षेत्र के विनवट गांव का है. जहां का रहने वाला सुनील जिसकी उम्र 34 वर्ष है. वह अपने भाइयों से पैतृक संपत्ति के विवाद में नाराज होकर 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा. इसके बाद मोहल्ले वालों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. साथ ही पूरे वाक्या की वीडियो लोगों ने कैद कर ली और वायरल भी कर दी. 

क्या है युवक की मांग?

मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले युवक को समझाया. साथ ही उसकी हर बात मानने का वादा किया. पुलिस की करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद युवक टंकी से नीचे उतरने के लिए राजी हुआ. जिसके बाद पुलिस ने पूरे परिवार को थाने बुलाकर उनकी काउंसलिंग की. युवक ने यह कदम केवल भाइयों से परेशान होकर उठाया था.

युवक का कथित तौर पर कहना है कि वह संपत्ति का बंटवारा चाहता है. उसके हिस्से की जमीन उसे दी जाए, वो अपनी जमीन में खेती-किसानी कर लेगा, जिससे उसका आर्थिक संकट दूर होगा. साथ ही बच्चों को पढ़ा सकेगा और परिवार के लालन पोषण की कमी को दूर कर सकेगा.