scorecardresearch

150 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और बार को नोटिस जारी, न्यू ईयर पार्टी करने से पहले, जान लें ये जरूरी बात

नए साल के मद्देनजर मेरठ जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है. वही गाइडलाइन पालन करने के लिए 150 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और बार को नोटिस जारी किए गए हैं. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.

मेरठ में 150 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और बार को नोटिस जारी मेरठ में 150 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और बार को नोटिस जारी

मेरठ: नए साल के मद्देनजर मेरठ जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है. एसपी सिटी आयुष विक्रम के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और आवागमन के मुख्य मार्गों पर लगातार वाहन चेकिंग की जा रही है. वही गाइडलाइन पालन करने के लिए 150 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और बार को नोटिस जारी किए गए हैं.

एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन को देखते हुए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. सेंसिटिव इलाकों में पीएसी और ORT (क्विक रिस्पॉन्स टीम) की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

150 से ज्यादा होटल, रेस्टोरेंट और बार को नोटिस जारी

उन्होंने बताया कि शहर के करीब डेढ़ सौ से अधिक होटल, बार और रेस्टोरेंट, जहां नए साल के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक गाइडलाइंस दी गई हैं. इन गाइडलाइंस में सीसीटीवी कैमरे लगाना, लाइसेंस की वैधता सुनिश्चित करना, अवैध असलहों पर पूर्ण प्रतिबंध, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और फायर सेफ्टी मानकों का पालन करना शामिल है

एसपी सिटी ने कहा कि सभी आयोजकों को नियमों की जानकारी दे दी गई है और उनसे पूरी तरह पालन की अपेक्षा की जा रही है. शहर के उन सभी प्रमुख स्थानों पर, जहां भीड़ जुटने की संभावना रहती है, पुलिस ड्यूटी लगाई गई है. साथ ही सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जा रही है.

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग करता है या माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य है कि नए साल का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जाए. 

(रिपोर्टर: मो. उस्मान चौधरी)

ये भी पढ़ें: