scorecardresearch

Weather Today, 30 December 2025: दिल्ली का मौसम बदलेगा अपनी चाल, आज शाम से छा सकते हैं बादल.. तो कल हो सकती है बारिश

Weather 30 December 2025: भारत मौसम विज्ञान के अनुसार बारिश के असर से कई राज्यों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है. इसके साथ ही 15 से ज्यादा प्रमुख शहरों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे नए साल के जश्न पर असर पड़ सकता है.

Weather Today, 30 December 2025 Weather Today, 30 December 2025

देश में नए साल की दस्तक से पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 31 दिसंबर से पहले ही उत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ सकता है. बारिश के असर से कई राज्यों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है. इसके साथ ही 15 से ज्यादा प्रमुख शहरों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे नए साल के जश्न पर असर पड़ सकता है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 30 दिसंबर की शाम से ही आसमान में बादल छाने लगेंगे. वहीं 31 दिसंबर से हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. बारिश के चलते ठंड और ज्यादा बढ़ेगी. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यूपी में घने कोहरे से बढ़ेगी परेशानी
उत्तर प्रदेश में 30 दिसंबर से ही 20 से अधिक शहरों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी है. लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, आगरा, कासगंज, मैनपुरी, बिजनौर, मुरादाबाद और अमरोहा समेत कई जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है. ऐसे में यात्रियों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

उत्तर भारत के 5 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर की शाम से उत्तर भारत के पांच राज्यों, जिसमें दिल्ली समेत हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में बारिश हो सकती है. बारिश के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और तेज हो जाएगी. लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम अपडेट जरूर देखने की सलाह दी गई है.

दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम
अगले तीन दिनों तक तमिलनाडु के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. नागपट्टिनम, तंजावुर, मायिलादुथुराई और पुदुकोट्टई जिलों में बारिश हो सकती है. मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है और समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.