scorecardresearch

Tripura Student Murder Case: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर की एंजेल चकम के पिता से बात, कहा- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नस्लीय हमले में मारे गए छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात की. सीएम ने हत्याकांड पर दुख जताया और कहा कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. सीएम धामी ने कहा कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी.

Advertisement
Pushkar Singh Dhami (Photo/PTI File) Pushkar Singh Dhami (Photo/PTI File)

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात की. एंजेल की हत्या पर दुख जताया और कहा कि इस मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है. इनाम घोषित करते हुए उसे भी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

सख्त कार्रवाई कर रही सरकार- पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तरुण चकमा से कहा कि इस घटना पर वो व्यक्तिगत तौर पर दुखी हैं. इस स्थिति में परिवार के दुख को समझ सकते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी सजा दिलाएगी. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कभी भी इस तरह का माहौल नहीं रहा है, यहां देश-विदेश के बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं. इसलिए यह घटना हम सबके लिए भी कष्टपूर्ण है. सरकार ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी. 

त्रिपुरा के सीएम से भी हुई बात- पुष्कर सिंह
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि घटना के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी उनकी बात हुई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. परिवार की सहायता के लिए वो त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे, साथ ही उत्तराखंड सरकार भी परिवार की हर संभव सहायता करेगी.

त्रिपुरा के छात्र की हुई थी हत्या-
9 दिसंबर को देहरादून में एक शराब के ठेके पर त्रिपुरा के 24 साल के एमबीए छात्र एंजेल चकमा पर नस्लीय हमला किया गया था. जिसमें एंजेल गंभीर रूप से जख्मी हो गया था. एंजेल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. दो हफ्ते से ज्यादा वक्त तक जिंदगी की लड़ाई लड़के बाद एंजेल की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए. उत्तराखंड पुलिस ने आरोपियों को लेकर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था. पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक आरोपी नेपाल भाग गया है. जिसकी तलाश की जा रही है.

ये भी पढ़ें: