scorecardresearch

Meerut Saurabh Murder Case: 18 महीने बाद ड्रम कांड वाले मकान का शुद्धिकरण, हिंदू महासभा नेता बोलीं- 'खुद खींचूंगी फांसी की रस्सी'

मेरठ के बहुचर्चित सौरभ ड्रम हत्याकांड वाले मकान का अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने संगम जल से शुद्धिकरण किया. उन्होंने पूजा-अर्चना कर सौरभ की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और दोषियों मुस्कान व साहिल की अपीलों को जल्द खारिज कर फांसी देने की मांग उठाई.

Advertisement
Meerut Saurabh Murder Case Meerut Saurabh Murder Case

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड से जुड़े किराये के मकान का रविवार को आगरा से पहुंचीं अखिल भारतीय हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने शुद्धिकरण किया. वह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं और संगम से लाए गए जल से मकान के मुख्य दरवाजे को धोया. इसके बाद मंत्रोच्चारण के बीच नारियल फोड़ा, धूप-बत्ती जलाई और पूजा-अर्चना की. उन्होंने कहा कि जिस घर में सौरभ की हत्या हुई, वहां उसकी आत्मा भटक रही है. माता रानी उसकी आत्मा को शांति दें.

मुस्कान और साहिल को जल्द फांसी देने की मांग
मीरा राठौर ने मुस्कान और साहिल को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग की. उन्होंने कहा कि दोनों को जेल में सरकारी मेहमान बनाकर क्यों रखा गया है. घटना को 18 महीने से अधिक हो चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवार को अब भी न्याय का इंतजार है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई वाले बयान का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इस मामले में अब तक फांसी क्यों नहीं हुई. मीरा राठौर ने कहा कि वह खुद मुस्कान को फांसी देना चाहती हैं. उनकी इच्छा है कि जिस दिन मुस्कान को फांसी दी जाए, उस दिन सौरभ की मां रेणु देवी के साथ वह भी मौजूद रहें. फांसी के फंदे की रस्सी का एक सिरा सौरभ की मां और दूसरा सिरा वह खुद खींचें. उन्होंने कहा कि फांसी देने में आने वाला खर्च भी वह खुद उठाने को तैयार हैं. इसके लिए उन्होंने अपील करने की बात भी कही.

हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील जल्द निस्तारित करने की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्कान ने अपने पति सौरभ की बेरहमी से हत्या कर शव नीले ड्रम में छिपा दिया था. इसके बाद वह सामान्य जिंदगी जीती रही और हत्या का आरोप अपने माता-पिता पर लगाने की कोशिश की. मीरा राठौर ने कहा कि ऐसी घटनाओं में सख्त सजा मिलने से ही अपराध करने वालों में डर पैदा होगा. उन्होंने कहा कि जिस दिन मुस्कान को फांसी होगी, उसी दिन सौरभ को वास्तविक न्याय मिलेगा. हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अपीलों को भी जल्द निस्तारित करने की मांग की. मीरा राठौर ने यह भी कहा कि यदि मुस्कान और रविता को मथुरा लाया जाता है, तो वह वहां उनका शुद्धिकरण करेंगी. उन्होंने सौरभ की बेटी पीहू को उसके नाना-नानी के बजाय दादा-दादी को सौंपने की मांग भी उठाई.

बेटे का सामान घर के बाहर रखा है- रेणु देवी
इस दौरान सौरभ की मां रेणु देवी भी भावुक हो गईं. उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि मुस्कान और साहिल की अपीलों पर जल्द सुनवाई हो और दोषियों को शीघ्र सजा मिले. उन्होंने कहा कि मुस्कान के परिवार के लोगों को इस मामले से अलग कर दिया गया, जबकि उन्हें लगता है कि वे भी इस पूरे मामले से जुड़े हैं. रेणु देवी ने बताया कि सौरभ का जो सामान वह लेकर आई थीं, उसे अभी घर के बाहर ही रखा हुआ है. उनका मन उस सामान को घर के अंदर रखने का भी नहीं हो रहा. बातचीत के दौरान वह रो पड़ीं. उन्होंने कहा कि मुस्कान और साहिल के परिवार आपस में मिले हुए हैं. रविवार को उन्होंने सौरभ की आत्मा की शांति के लिए व्रत भी रखा. उनका कहना था कि बेटे को खोने का दर्द जिंदगी भर खत्म नहीं होगा.
 

ये भी पढ़ें