scorecardresearch

दिल्ली, यूपी, बिहार और झारखंड सहित इन राज्यों में कब मिलेगी गर्मी से राहत, मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर

चिलचिलाती गर्मी से परेशान देशवासियों के लिए राहत की खबर है. आमतौर पर 1 जून को आने वाला मानसून इस बार तय समय से पहले यानी आज 26 मई को ही केरल में दस्तक दे सकता है. इसके जल्दी आने से बाकी राज्यों में भी मानसून की बारिश वक्त से थोड़ा पहले शुरू होने की उम्मीद है.

Advertisement
monsoon 2026 arrival date monsoon 2026 arrival date

Monsoon 2026, IMD Rain Alert: भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे समय से मानसून का इंतजार कर रहे लोगों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ सकता. मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून आज यानी 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है, जिसका असर देश के कई राज्यों में जल्दी देखने को मिल सकता है. अगर सब कुछ अनुमान के मुताबिक रहा, तो आने वाले दिनों में भारत के इन राज्यों में गर्मी से राहत मिल जाएगी.

29 मई 2026 को बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 28 मई तक उत्तर और मध्य भारत में भीषण लू का असर बना रह सकता है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा. हालांकि, 29 मई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चलने की वजह से कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी. साथ ही आंधी, 70km/h के साथ तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है.

केरल में तय समय से पहले पहुंच सकता है मानसून
आमतौर पर मानसून हर साल 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 26 मई तक दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है. मानसून के जल्दी पहुंचने की वजह से देश के दूसरे हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला वक्त से थोड़ा पहले शुरू हो सकता है. मौसम विभाग की नजर लगातार इसकी रफ्तार और दिशा पर बनी हुई है.

दिल्ली, यूपी, बिहार और झारखंड में कब पहुंचेगा मानसून?
गर्मी से सबसे ज्यादा परेशान उत्तर भारत के राज्यों में लोग अब बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, झारखंड में मानसून 10 जून के आसपास दस्तक दे सकता है. इसके बाद बिहार में 10 से 15 जून के बीच बारिश की शुरुआत होने की संभावना जताई गई है.

वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून 15 से 20 जून के बीच पहुंच सकता है. हालांकि, पूर्वी यूपी में बारिश की शुरुआत जल्दी होने की उम्मीद है, जबकि पश्चिमी यूपी के लोगों को 25 जून तक मानसून का इंतजार करना पड़ सकता है.

अगर राजधानी दिल्ली की बात करें, तो यहां आमतौर पर जून के आखिरी सप्ताह में मानसून पहुंचता है. इस बार भी 25 से 28 जून के आसपास मानसून के दिल्ली पहुंचने का अनुमान लगाया गया है. यानी दिल्लीवालों को अभी कुछ दिन और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है.

गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या रहेगा हाल?
उत्तर भारत के अलावा गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लोग भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं. आमतौर पर मानसून जून के दूसरे और तीसरे सप्ताह में इन राज्यों की ओर बढ़ता है. पहले मध्य भारत के हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होती हैं, जिसके बाद मानसून धीरे-धीरे पश्चिम और उत्तर की ओर बढ़ता है. पूरे इलाके की बात करें तो 15 से 25 जून के बीच मानसून के दस्तक देने का अनुमान है. 

गर्मी से राहत की बढ़ी उम्मीद
मौसम विभाग के संभावित अनुमान ने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं. लगातार बढ़ते तापमान के बीच बारिश की खबर किसी राहत से कम नहीं मानी जा रही. खासकर किसान, नौकरीपेशा लोग और रोजाना बाहर निकलने वाले लोग मानसून के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
 

ये भी पढ़ें