fake luxury lifestyle
fake luxury lifestyle
सोशल मीडिया पर दिखने वाली लग्जरी लाइफ कई बार हकीकत में कितनी खतरनाक हो सकती है. इसका पता तब चला जब एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में इंस्टाग्राम पर महंगी जिंदगी का दिखावा कर एक युवक ने कॉलेज की फर्स्ट ईयर की छात्रा को अपने प्यार के झांसे में फंसाया और फिर उसे अपने साथ भगा ले जाने में कामयाब हो गया. पहले तो लड़की उसकी लाइफस्टाइल को देख उसे कई प्रॉपर्टी का मालिक समझ बैठी, लेकिन भागने के बाद युवक का राज खुला तो लड़की के पैरों तले जमीन खिसक गई.
आलीशान जिंदगी दिखाकर सबसे पहले जीता लड़की का भरोसा
दरअसल, बताया जा रहा है कि करण धानुक नाम का युवक सोशल मीडिया पर खुद को बेहद अमीर और रसूखदार दिखाता था. उसकी प्रोफाइल पर महंगी लाइफस्टाइल, बड़े घर और शानदार जीवनशैली से जुड़े लग्जरी पोस्ट नजर आते थे. इन्हीं तस्वीरों और दावों को देखकर 18 साल की कॉलेज छात्रा ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया और बाद में धोखा खा बैठी.
ऐसे भगाने में कामयाब हुआ मासूम को
दरअसल, धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी. उसने छात्रा को जरा भी अंदेशा नहीं होने दिया कि वह असल में करता क्या है. चैटिंग के दौरान भी वह लड़की से ऐसे ही बात करता था जैसे सच में कहीं का रईसजादा हो, जिससे लड़की को फंसाना आसान हो गया. लड़की उसके जाल में फंसती चली गई और उसके कहने पर घर से भागने को तैयार हो गई. बताया जा रहा है कि योजना के मुताबिक करण पहले ट्रेन और बस लेकर शहडोल पहुंचा, फिर वहां से लड़की को लेकर फरार हो गया.
पुलिस की जांच में बरामद हुई छात्रा
जब लड़की के घर नहीं लौटने पर परिजनों को डर हुआ, तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए जैतपुर थाना प्रभारी जेपी शर्मा की टीम ने छानबीन शुरू कर दी. साइबर सेल की मदद और मोबाइल लोकेशन को ट्रैक करके युवती को मुरैना जिले के सुंदर गांव से बरामद किया गया.
पुलिस की सक्रियता से सुरक्षित मिली छात्रा
जैतपुर पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई की. जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी. औपचारिक पूछताछ के बाद युवती को परिजनों को सौंप दिया गया. छात्रा के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली. वहीं, पुलिस पूरे मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. फिलहाल करण धानुक पुलिस की भनक लगने के बाद से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
ये भी पढ़ें