कलयुगी भाई ने आक्रोश में आकर काट डाली युवक की नाक
कलयुगी भाई ने आक्रोश में आकर काट डाली युवक की नाक
मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालाबाद गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस घटना ने रामायण की श्रुपणखा की कथा की याद दिला दी. जहां त्रेता युग में लक्ष्मण जी ने भाई और भाभी की रक्षा के लिए श्रुपणखा की नाक काट दी थी, वहीं आज कलयुग में मामूली विवाद के दौरान शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई पर तलवार से हमला कर उसकी नाक काट ली. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
चपेटे में आया भाई
घायल व्यक्ति की पहचान जलालाबाद गांव के चौधरी टोले निवासी अजय चौधरी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, अजय चौधरी के छोटे भाई नीरज चौधरी और उनके चचेरे भाई प्रदीप चौधरी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. दिन में कई बार कहासुनी हुई, लेकिन हर बार मामला शांत हो गया था.
परिजनों ने आगे बताया कि देर शाम प्रदीप चौधरी शराब पीकर घर के बाहर गाली-गलौज करने लगा. शोर सुनकर अजय चौधरी उसे समझाने के लिए बाहर गए. इसी दौरान आरोपी प्रदीप चौधरी आपा खो बैठा और अचानक तलवार से अजय चौधरी पर हमला कर दिया.
इलाज के लिए किया भागलपुर रेफर
इस हमले में अजय चौधरी की नाक का लगभग 99 प्रतिशत हिस्सा कट गया. घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल अजय चौधरी को तुरंत असरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया.
हंसी-मजाक से शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा
घायल के परिजनों ने बताया कि यह विवाद किसी बड़ी बात को लेकर नहीं था, बल्कि हंसी-मजाक के दौरान शुरू हुआ था. लेकिन शराब के नशे ने इसे हिंसक रूप दे दिया. फिलहाल घायल का इलाज भागलपुर में चल रहा है.
पुलिस जांच में जुटी, शिकायत अभी नहीं
घटना की सूचना मिलते ही असरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. हालांकि, पीड़ित परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.
(रिपोर्ट - गोविंद कुमार)
ये भी पढ़ें
ये भी देखें