CM Samrat Chaudhary
CM Samrat Chaudhary
मुजफ्फरपुर में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है. जिले के मोतीपुर स्थित महवल औद्योगिक क्षेत्र में 140.95 करोड़ रुपये की लागत से बने मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज क्लस्टर का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को उद्घाटन किया. इस क्लस्टर के शुरू होने से करीब 3 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है. बेला के बाद यह मुजफ्फरपुर जिले का दूसरा बड़ा लेदर क्लस्टर है.
3 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
मेगा लेदर क्लस्टर में लेदर उत्पादों, फुटवियर और अन्य संबंधित सामान के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा. इससे स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे. क्लस्टर के संचालन से आसपास के क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है.
युवाओं और महिलाओं को मिलेगी ट्रेनिंग
क्लस्टर परिसर में प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल बिल्डिंग के तहत आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया है. यहां युवाओं और महिलाओं को लेदर उत्पादों और फुटवियर डिजाइनिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को क्लस्टर में स्थापित होने वाली कंपनियों में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं. इससे स्थानीय स्तर पर कौशल विकास को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के लिए दूसरे शहरों में पलायन कम करने में भी मदद मिल सकती है.
छोटे उद्यमियों को आधुनिक मशीनों की सुविधा
इस क्लस्टर की एक प्रमुख विशेषता कॉमन फैसिलिटी सेंटर यानी सीएफसी है. इसके जरिए छोटे और मझोले उद्यमियों को आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल की सुविधा मिलेगी. उद्यमी नाममात्र के शुल्क पर इन मशीनों का उपयोग कर सकेंगे. इससे उन्हें महंगी मशीनें खरीदने के लिए बड़ी पूंजी निवेश करने की जरूरत कम होगी और उत्पादन लागत घटाने में मदद मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने किया स्टॉल का निरीक्षण
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने क्लस्टर परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी जायजा लिया. इस दौरान औद्योगिक इकाइयों को शेड और भूमि आवंटन से संबंधित पत्र भी सौंपे गए. 140.95 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह मेगा लेदर क्लस्टर मुजफ्फरपुर में लेदर और फुटवियर उद्योग को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार, कौशल विकास और छोटे उद्यमियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: