नागौर के किसान बेटे ने अमेरिका की इन्वेस्टमेंट बैंकर को बनाया राजस्थानी बहू
नागौर के किसान बेटे ने अमेरिका की इन्वेस्टमेंट बैंकर को बनाया राजस्थानी बहू
राजस्थान के नागौर जिले के छोटे से गांव आकोड़ा में एक ऐसी शादी हुई, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया. यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि सच्ची घटना है, जहां एक किसान परिवार के बेटे ने अमेरिका की इन्वेस्टमेंट बैंकर से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया. इस शादी की सबसे खास बात रही विदेशी दुल्हन का पूरी तरह राजस्थानी परंपरा को अपनाना.
आदित्य एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता रघुवीर सिंह भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे, जिनका अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया था. इसके बाद उनकी मां मधुबाला ने कठिन परिस्थितियों में बच्चों की परवरिश की और उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाई. आज आदित्य अमेरिका में स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट के रूप में काम कर रहे हैं, जबकि उनकी बहन अपूर्वा एक डिजाइनर आर्किटेक्ट हैं. अमेरिका में नौकरी के दौरान आदित्य की मुलाकात एलाइजा से हुई, जो एक इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं. दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया.
राजस्थानी दुल्हन बनी एलाइजा
शादी का सबसे आकर्षक दृश्य तब देखने को मिला जब एलाइजा पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में मंडप में पहुंचीं. उन्होंने घाघरा-चोली, पारंपरिक गहने और श्रृंगार पहनकर सभी को हैरान कर दिया. उनका यह रूप देखकर गांव के लोग भी दंग रह गए. शादी की सभी रस्में पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार निभाई गई. फेरे, सप्तपदी और सिंदूर दान जैसी हर परंपरा को पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया.
गांव में चर्चा का विषय बनी शादी
इस अनोखी शादी की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई. गांव और आसपास के लोग इस विवाह को सांस्कृतिक एकता की मिसाल मान रहे हैं. लोगों का कहना है कि एलाइजा ने जिस खूबसूरती से भारतीय संस्कृति को अपनाया, वह गर्व की बात है. परिवार और गांव वालों ने इस शादी को बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया. आदित्य और एलाइजा की यह जोड़ी अब सिर्फ एक दंपति नहीं, बल्कि दो अलग-अलग संस्कृतियों के सुंदर मिलन का प्रतीक बन गई है.
रिपोर्टर: केशा राम
ये भी पढ़ें: