Railway Couple Found Bleeding
Railway Couple Found Bleeding
नागपुर के बेलतरोड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के मनीष नगर परिसर स्थित एक होटल में मंगलवार रात सनसनीखेज घटना सामने आई. एक शादीशुदा प्रेमी ने मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे होटल स्टेरियस के कमरा नंबर 302 में चेक-इन किया. इसके बाद दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले. डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा हैरान कर देने वाला था. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
दरअसल, एक शादीशुदा प्रेमी ने अनैतिक संबंधों के चलते अपनी प्रेमिका को होटल के कमरे में मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद उसने खुद की गर्दन पर चाकू मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. मृतक की पहचान 85 प्लॉट एरिया निवासी शिवानी राजनंद गजभिए (28) के रूप में हुई है. आरोपी किरण कुमार संजय आग्राम (40), अजनी रेलवे क्वार्टर निवासी है. दोनों रेलवे में साथ नौकरी करते थे.
बताया जाता है कि शिवानी के पिता राजनंद और किरण कुमार बल्लारशाह में साथ नौकरी करते थे. इसी वजह से किरण का शिवानी के घर आना-जाना था. बाद में किरण का नागपुर तबादला हो गया. किरण को शिवानी के करीब जाते देख परिजनों ने इसका विरोध किया था. करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी भी कराई गई थी. पिता की मौत के बाद शिवानी को रेलवे में नौकरी मिल गई और दोनों के संबंध और गहरे हो गए.
आखिरी बार मिलने के लिए दोस्तों को होटल बुलाया
मंगलवार शाम करीब 7 बजे किरण ने अपने दोस्तों को फोन किया. उसने कहा कि आज का दिन उसके लिए महत्वपूर्ण है और आखिरी बार मिलने के लिए दोस्तों को होटल बुलाया. उसकी बातचीत से दोस्तों को संदेह हुआ. करीब 9 बजे उसके दोस्त होटल पहुंचे. कमरा अंदर से बंद था. आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दोस्तों ने होटल प्रबंधन को सूचना दी. डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोला गया, लेकिन अंदर से चिटकनी लगी थी. किसी तरह दरवाजा खुलने पर दोनों खून से लथपथ हालत में दिखाई दिए. शिवानी की गर्दन पर वार के निशान थे और वह मृत अवस्था में थी. किरण के गले पर चाकू का वार था और शरीर पर चाकू के वार थे.
बताया जाता है कि किरण ने होटल के कमरे को सजाया था और 'विल यू मैरी मी' जैसा सरप्राइज भी आयोजित किया था. कमरे में नई साड़ी भी रखी गई थी. माना जा रहा है कि दोनों शादी करने वाले थे. फिलहाल कमरे के भीतर ऐसा क्या हुआ, जिससे घटना खूनी वारदात में बदल गई, यह जांच का विषय है. पुलिस के अनुसार शिवानी के हाथ में चाकू मिलने से यह भी संदेह है कि संभवतः उसने किरण पर चाकू से हमला किया होगा, जिसके बाद किरण ने शिवानी की गर्दन पर वार किया. किरण से पूछताछ के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी. देर रात तक उसका उपचार जारी था और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: