Theft Case Nagpur
Theft Case Nagpur
नागपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां गर्लफ्रेंड की पैसे की जरूरत पूरी करने के लिए एक युवक ने अपनी ही दादी के घर डाका डाल दिया. आरोपी ने घर में रखे नकदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद गणेशपेठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
अलमारी से गायब हुए 1.93 लाख के जेवर और नकदी
मामला इंदिरानगर इलाके का है. यहां रहने वाली 60 वर्षीय सुमित्रा किशोर मस्ते ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके घर की अलमारी से 93 हजार रुपये नकद और सोने के गहने गायब हैं. कुल मिलाकर करीब 1 लाख 93 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ था. यह घटना 30 मई से 2 जून के बीच हुई. जब काफी तलाश के बावजूद सामान नहीं मिला तो उन्होंने गणेशपेठ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
पुलिस जांच में खुला पारिवारिक राज
पुलिस ने जांच के दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और घर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ शुरू की. इसी दौरान शक की सुई घर के ही एक सदस्य पर गई. जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता का 22 वर्षीय नाती तुषार प्रदीप मस्ते घटना के समय घर आया था. इसके बाद पुलिस ने तुषार को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. शुरुआत में उसने चोरी से इनकार किया, लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
गर्लफ्रेंड पर खर्च के लिए की चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए पैसों की जरूरत थी. इसी वजह से उसने दादी के घर की अलमारी से नकदी और गहने चुरा लिए. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद उसने सोने के गहने एक सुनार को बेच दिए थे. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुनार से गहने बरामद कर लिए. इसके अलावा आरोपी से चोरी की गई नकदी भी जब्त कर ली गई है.
24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
गणेशपेठ पुलिस की तेज जांच के चलते यह मामला सिर्फ 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पूरी वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया था, लेकिन सबूतों और पूछताछ के बाद वह ज्यादा देर तक सच छिपा नहीं सका. इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच हैरानी का माहौल है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
-योगेश वसंत पांडे की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें