Tea Museum
Tea Museum
अगर आप भी चाय के शौकीन हैं तो आपके लिए गुड न्यूज है. अब पूर्वोत्तर क्षेत्र का पहला ‘टी म्यूजियम’ (Tea Museum) बनने वाला है. जी हां, एक ऐसा म्यूजियम जहां आपको तरह तरह की चाय देखने को मिलेंगी. ये अपनी तरह का पहला म्यूजियम होगा. असम पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (एआईटीडीसी) के अध्यक्ष ऋतुपर्णा बरुआ ने हाल ही में बताया कि देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में पहला टी म्यूजियम बनने वाला है. ये म्यूजियम "टी सिटी ऑफ इंडिया", डिब्रूगढ़ में बनाया जायेगा. इसे आधिकारिक तौर पर 2023 की शुरुआत में जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
मीडिया से बात करते हुए अध्यक्ष बरुआ ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. पहले चरण के लिए नॉर्थ ईस्ट काउंसिल (NEC) और असम सरकार द्वारा 3.14 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है.
2016 में किया गया था प्रोजेक्ट पास
गौरतलब है कि डिब्रूगढ़ में बन रहे इस चाय म्यूजियम के निर्माण के प्रस्ताव को राज्य पर्यटन विभाग द्वारा 2016 में ही मंजूरी दी गई थी. हालांकि इसपर काम ठीक एक साल बाद, 2017 में शुरू हो गया था. इस प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के लिए एनईसी द्वारा 40 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत दी गई है.
बरुआ ने आगे कहा कि दूसरे चरण में म्यूजियम के अंदर एक ऑडिटोरियम, मॉडल चाय गार्डन और चाय कारखाने यानि चाय की एक फैक्ट्री का निर्माण किया जाएगा, जो 2.66 एकड़ भूमि में फैला हुआ है.
टूरिस्ट फिर जी सकेंगे चाय के इतिहास को
असम पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (एआईटीडीसी) के अध्यक्ष ऋतुपर्णा बरुआ ने कहा, "डिब्रूगढ़ में एक टी म्यूजियम स्थापित करने के लिए लंबे समय से लोग मांग कर रहे थे. डिब्रूगढ़ को 'भारत की टी सिटी' के रूप में जाना जाता है. यह पूर्वोत्तर क्षेत्र का पहला चाय म्यूजियम होगा, जिसे हम जनता के लिए साल 2023 में आधिकारिक तौर पर खोलने जा रहे हैं. हम उम्मीद करते हैं कि ये म्यूजियम अंतरराष्ट्रीय और घरेलू पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण होगा, और असम के चाय पर्यटन को और बढ़ावा देगा. इसकी मदद से टूरिस्ट चाय के इतिहास को फिर से जीने में सक्षम होंगे.”
ये भी पढ़ें