AI Made Image
AI Made Image
पीड़ित महिला के पति के मुताबिक, वह अपनी पत्नी के साथ एक डीलर के बुलाने पर घूमण नगर में कोठी देखने गए थे. उनका कहना है कि उन्हें पहले से यह जानकारी नहीं दी गई थी कि वहां पिटबुल मौजूद है. इसके बाद पिटबुल ने अचानक महिला पर हमला कर दिया. कुत्ते ने महिला की गर्दन की तरफ हमला करने की कोशिश की, तो पति ने पत्नी को बचाने के लिए खुद को आगे कर दिया. इस दौरान महिला के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके पति के घुटने और पैर में भी चोट लगी.
अस्पताल में कराया गया इलाज
हमले के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया और जरूरी उपचार व इंजेक्शन लगाए गए. पीड़ित पति का आरोप है कि घटनास्थल पर कुत्ते से संबंधित कोई चेतावनी या साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया था. उनका कहना है कि अगर वह समय रहते पत्नी को बचाने के लिए आगे नहीं आते, तो उसकी जान भी जा सकती थी. हमले के बाद उनकी हालत ऐसी नहीं थी कि वह खुद वाहन चला सकें. इसके बाद डीलर ने उनके लिए वाहन की व्यवस्था की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
मालिक की तरफ से हालचाल नहीं पूछने का आरोप
पीड़ित पति ने प्रशासन से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी अभी भी गंभीर रूप से घायल है और वह उसका इलाज करवा रहे हैं. उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद कोठी या जमीन के मालिक की ओर से उनसे संपर्क कर उनका हालचाल जानने की कोशिश नहीं की गई.
FIR नंबर 137 दर्ज, कुत्ते के मालिक की तलाश
पटियाला पुलिस ने घूमण नगर में महिला पर पिटबुल के हमले के मामले में FIR नंबर 137 दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, मामला BNS की धारा 291 और 125 के तहत दर्ज किया गया है. फिलहाल FIR में अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है. जिस घर से हमलावर कुत्ता बाहर निकला था, FIR में उस घर का हाउस नंबर भी दर्ज किया गया है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पिटबुल का वास्तविक मालिक कौन है.
मालिक की पहचान के लिए जांच जारी
पुलिस कुत्ते के असली मालिक की पहचान के लिए जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति को मामले में नामजद किया जा सकता है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 15 अगस्त की ड्यूटी के कारण मामला कुछ देर से उनके संज्ञान में आया. अब जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें