केंद्रीय मंत्री भागवत कराड
केंद्रीय मंत्री भागवत कराड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाइट के दौरान बीमार हुए सहयात्री की मदद करने के लिए केंद्रीय मंत्री भागवत कराड की सराहना की. कराड ने मंगलवार को फ्लाइट में सफर के दौरान बीमार पड़ गए यात्री की मदद की. इंडिगो की दिल्ली से मुंबई उड़ान की एक फ्लाइट के दौरान यात्री को परेशानी होने पर बाल रोग विशेषज्ञ भागवत कराड ने यात्री की प्राथमिक चिकित्सा की.
जिसके बाद केंद्रीय मंत्री भागवत कराड की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ''दिल से सदैव एक चिकित्सक, मेरे सहयोगी द्वारा किया गया शानदार काम.''
ब्लड प्रेशर की वजह से बेहोश हो गया था यात्री
दरअसल, मंगलवार को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत कराड इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली से मुंबई जा रहे थे. इसी दौरान फ्लाइट में एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई. यात्री को ब्लड प्रेशर की शिकायत थी जिस वजह से उसे चक्कर आ गया था. यात्री की दिक्कत को देखकर क्रू मेंबर ने अनाउंस किया कि अगर फ्लाइट में कोई डॉक्टर हैं तो यात्री की मदद के लिए आगे आएं. फ्लाइट में सफर कर रहे केंद्रीय मंत्री और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. भागवत कराड मरीज की परेशानी को देख तुरंत उसे पास पहुंचे. केंद्रीय मंत्री ने यात्री की मदद की और थोड़ी देर में यात्री ठीक महसूस करने लगा. भागवत कराड के कार्यालय द्वारा जारी एक रिलीज में कहा गया है कि यात्री ने रक्तचाप की समस्या के कारण चक्कर आने की शिकायत की. इसके बाद कराड उस यात्री के पास पहुंच गए और प्राथमिक चिकित्सा की. बयान के अनुसार डॉ कराड ने बेहोश हो गए यात्री की मदद की.
कौन हैं डॉ भागवत कराड?
डॉ भागवत किसानराव कराड एक सर्जन और भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिज्ञ हैं. वह महाराष्ट्र से राज्य सभा के सदस्य हैं और दो बार औरंगाबाद के मेयर रहे. दूसरे कार्यकाल में पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद वे वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री बने. डॉ भागवत कराड ने जुलाई 2021 को बतौर वित्त राज्य मंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट जॉइन की थी.वह महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं. डॉ भागवत एक बाल रोग सर्जन हैं, जिन्होंने मुंबई के KEM अस्पताल में पढ़ाई की और बाद में एक राजनीतिज्ञ बन गए. उनका औरंगाबाद में एक अस्पताल भी है और उन्होंने कई चिकित्सा पदों पर काम किया है.
ये भी पढ़ें: