गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी
नोएडा में धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले एक पंडित को जौनपुर में बंधक बनाकर उसके परिजनों से एक लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पूजा कराने के बाद जब आरोपियों की कथित मनोकामना पूरी नहीं हुई, तो उन्होंने पूजा में खर्च हुए पैसे वापस लेने के लिए पंडित को ही बंधक बना लिया. थाना सेक्टर-113 पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पंडित को सकुशल बरामद कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, अनिल कुमार तिवारी नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव में रहते हैं और धार्मिक पूजा-पाठ कराते हैं. 5 सितंबर 2026 को वह पूजा कराने के लिए जौनपुर गए थे. आरोप है कि वहां कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद उनके बेटे से पिता को छोड़ने के बदले पैसों की मांग की जाने लगी.
अनिल कुमार के परिजनों ने उनकी गुमशुदगी के संबंध में थाना सेक्टर-113 पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और उनकी बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की.
पुलिस के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर 11 और 12 सितंबर की रात कार्रवाई की गई. टीम ने मुखिया मार्केट के पास कच्चे रास्ते से आशीष यादव उर्फ बाबा और प्रवेश यादव उर्फ गोरे को गिरफ्तार किया. इनके कब्जे से पुलिस ने बंधक बनाए गए अनिल कुमार तिवारी को सकुशल बरामद कर लिया.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है. तमंचा और कारतूस आशीष यादव के पास से, जबकि चाकू प्रवेश यादव के पास से बरामद हुआ.
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने कुछ समय पहले अनिल तिवारी से धार्मिक अनुष्ठान कराया था. आरोपियों का दावा था कि पूजा के बाद उनकी मनोकामना पूरी नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने पूजा में खर्च हुए पैसे वापस लेने के लिए अनिल को दोबारा जौनपुर बुलाया और कथित तौर पर उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद परिजनों से एक लाख रुपए की मांग की गई.
थाना सेक्टर-113 पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया था. आरोपी पैसे लेने के लिए आए थे जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित को सही सलामत बरामद कर लिया. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरी घटना में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.