scorecardresearch

Rahul Gandhi: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा... छात्रों पर लाठीचार्ज करने वालों को सजा, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में की ये मांगें... बोले- नरेंद्र मोदी अतीत, वो भविष्य से नहीं लड़ सकते

NEET पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन जारी है. इस बीच राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीन प्रमुख मांगें की. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तबादला नहीं, बर्खास्तगी चाहिए. इस संबंध में राहुल गांधी ने मोदी सरकार को अल्टीमेटम दिया. राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी अतीत, वो भविष्य से नहीं लड़ सकते.

 Rahul Gandhi Press Conference Rahul Gandhi Press Conference

NEET पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना-प्रदर्शन जारी है. इसी बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 10 जनपथ पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीन प्रमुख मांगें की. राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की तीन मांगें हैं और ये मांगें किसी भी सूरत में नहीं टाली जा सकतीं. 

राहुल गांधी की तीन मांगें
1.
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से तुरंत हटाया जाए. 
2. छात्रों पर लाठीचार्ज करने वालों को सजा मिले. 
3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों से माफी मांगें.

देश भर के छात्र कर रहे यह मांग 
राहुल गांधी ने कहा कि ये तीनों मांगें उन्होंने खुद नहीं बनाई हैं, बल्कि देश भर के छात्र यह मांग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि खबर मिल रही है कि सरकार धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी दूसरे मंत्रालय में भेजने पर विचार कर रही है. राहुल गांधी ने इसे पूरी तरह गलत बताया और कहा कि यह किसी को भी मंजूर नहीं होगा. उनके मुताबिक धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार और नाकामी का चेहरा बन चुके हैं, जिसने छात्रों के भविष्य को नुकसान पहुंचाया है. इसलिए धर्मेंद्र प्रधान का मंत्रालय बदलने की बजाय पूरी तरह पद से हटाया जाना चाहिए. राहुल गांधी ने मोदी सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पहले शिक्षा मंत्री को हटाओ, फिर बात होगी. उन्होंने कहा कि छात्रो की मांगों से कोई समझौता नहीं होगा. राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी अतीत, वो भविष्य से नहीं लड़ सकते. 

घायल छात्रा का किया जिक्र 
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक घायल छात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उसे गंभीर चोट लगी है. उन्होंने यह भी बताया कि एक दिन पहले वह एक ऐसे छात्र से मिले थे, जिसकी आंख में छर्रा लगा है और हो सकता है कि वह आगे कभी देख न पाए. राहुल गांधी ने कहा कि हजारों छात्रों को लाठियों से पीटा गया, कई के सिर फूटे और शरीर में छर्रे लगे. उनका कहना है कि जिन लोगों ने यह कार्रवाई की और जिन्होंने इसे आयोजित किया, उन सभी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए और सजा दी जानी चाहिए.

पीएम मोदी को मांगनी चाहिए माफी 
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मोदी वीडियो बनाकर सुझावों की बात कर रहे हैं, जबकि छात्रों की मांग सुझावों की नहीं बल्कि सीधे कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह मानना चाहिए कि छात्रों को पीटा गया, मारा गया और उनका अपमान किया गया, और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए. राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी अतीत, वो भविष्य से नहीं लड़ सकते. इससे पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए मेट्रो, सड़कें, दुकानें और इंटरनेट तक बंद कर सकती है, लेकिन पेपर लीक जैसी समस्या को नहीं रोक पा रही है. 

सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने साझा किया वीडियो
इस प्रेस वार्ता से पहले कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक वीडियो भी साझा किया गया है. जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नीट पेपर लीक समेत तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखने के साथ-साथ केंद्र पर हमला बोलते हुए दिखाया गया है. इस पोस्ट का शीर्षक है- छात्रों के साथ, हम हमेशा खड़े थे, हैं और रहेंगे.